हरियाणा

Chandigarh: केंद्र की नीतियों पर सुरजेवाला का तीखा हमला

Admindelhi1
24 Nov 2025 12:41 PM IST
Chandigarh: केंद्र की नीतियों पर सुरजेवाला का तीखा हमला
x

चंडीगढ़: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान के आर्टिकल 240 में बदलाव करने का केंद्र सरकार का कदम संघीय ढांचे को कमजोर करने की एक इरादतन साजिश है।

रविवार को चंडीगढ़ में जारी बयान में आरोप लगाते हुए सुरजेवाला ने आगे कहा कि सरकार ने बदनीयत से भाखड़ा डैम पर पंजाब पुलिस को कब्ज़ा करने देने और उसके गेट बंद करने की इजाजत देकर और डैम पर हरियाणा के पानी के अधिकारों से छेड़छाड़ करके दोनों राज्यों में फूट के बीज बोने का काम किया। हाल ही में पंजाब यूनिवर्सिटी की संरचना पूरी तरह तहसनहस करने की कोशिश की गई। पंडित नेहरू ने पंजाब यूनिवर्सिटी एक्ट, 1947 के अंतर्गत पूर्ण लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप एक चुने हुए सीनेट और सिंडिकेट के साथ पंजाब यूनिवर्सिटी का गठन किया था। अब आर्टिकल 240 में बदलाव कर हरियाणा और पंजाब राज्यों की मूलभूत भावनाओं, अधिकारों और जज़्बे पर हमला बोलना मोदी सरकार का सबसे ताजातरीन षड्यंत्र है।

सुरजेवाला ने कहा कि वह नायब सैनी सरकार और पंजाब में भाजपा के नेताओं को भी आह्वान करता हैं कि वह हालातों को समझें और हरियाणा एवं पंजाब के अधिकारों तथा भावनाओं के साथ खड़े होने की हिम्मत करें। दोनों राज्यों की जनता एकजुटता के साथ पंजाब और हरियाणा के बीच कड़वाहट के बीज बोने के केंद्र सरकार के मनसूबों को पूरा ना होने दें।

हालांकि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रविवार को साफ किया कि चंडीगढ़ के लिए सिर्फ केंद्र सरकार की तरफ से कानून बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव अभी विचाराधीन है और इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि आने वाले संसद के शीतकालीन सत्र में इस संबंध में कोई बिल लाने की सरकार की मंशा नहीं है।

Next Story