हरियाणा

Chandigarh: शॉटपुट में शर्मिला धनखड़ का शानदार प्रदर्शन, गोल्ड पर कब्जा

Admindelhi1
4 Aug 2026 10:07 AM IST
Chandigarh: शॉटपुट में शर्मिला धनखड़ का शानदार प्रदर्शन, गोल्ड पर कब्जा
x
शर्मिला धनखड़ की स्वर्णिम सफलता से हरियाणा गौरवान्वित

चंडीगढ़: हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कॉमनवेल्थ गेम्स ग्लासगो 2026 में भारतीय पैरा-खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के पैरा-एथलीटों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए कुल 7 पदक (3 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य) अपने नाम किए हैं।

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर हरियाणा की पैरा-एथलीट शर्मिला धनखड़ ने महिला शॉटपुट (गोला फेंक) स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक जीता और पूरे देश में प्रदेश का मान बढ़ाया। मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के गांव छिथरोली की रहने वाली शर्मिला धनखड़ ने शॉटपुट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि शर्मिला का यह स्वर्ण पदक केवल उनके गांव या जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। यह सफलता साबित करती है कि हरियाणा के पैरा-खिलाड़ी दुनिया के हर कोने में भारत की धाक जमाने में सक्षम हैं।

हरियाणा के 5 पैरा-खिलाड़ियों ने लिया था हिस्सा

कॉमनवेल्थ गेम्स ग्लासगो 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले दल में हरियाणा के 5 प्रमुख पैरा-खिलाड़ी शामिल थे। इनमें एथलेटिक्स में देवेंद्र कुमार एवं शर्मिला धनखड़ तथा पावरलिफ्टिंग में अशोक, सुधीर कुमार और सुमन देवी ने भारत की तरफ से हिस्सा लिया। हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष के रूप में आरती सिंह राव ने शर्मिला धनखड़ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पैरा-खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Story