
चंडीगढ़: पंजाब के तरनतारन में बुधवार को एक शादी समारोह के दौरान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के सरपंच हरबिंदर सिंह (38) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के पूरे इलाके की नाकाबंदी करके हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यहां के सिद्धू फार्म में हरबिंदर सिंह के परिवारिक सदस्य की शादी थी। हमलावर बराती बनकर अंदर घुसे। सरपंच स्टेज पर दोस्तों के साथ डांस कर रहे थे, तभी भीड़ से एक युवक निकला और उसने सरपंच को सोफे पर बैठते ही फायरिंग कर दी। हरबिंदर सिंह के पेट और सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान जब चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने हमलावरों का पीछा किया, तो बदमाशों ने उसके पैर में भी गोली मार दी। घायल को इलाज के लिए अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसएसपी सुरिंदर लांबा के अनुसार सरहाली थाने की पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।





