हरियाणा

Chandigarh: कर्मचारियों की मांग को लेकर 12 फरवरी को चक्का जाम

Admindelhi1
29 Jan 2026 8:08 PM IST
Chandigarh: कर्मचारियों की मांग को लेकर 12 फरवरी को चक्का जाम
x

चंडीगढ़: केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर हरियाणा के कर्मचारी 12 फरवरी को हड़ताल में शामिल होंगे। 30 जनवरी को हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारी पंचकूला और चंडीगढ़ स्थित सभी निदेशालयों में जनसंपर्क करके कर्मचारियों से हड़ताल में शामिल होने के लिए सहयोग मांगेंगे।

दी रेवेन्यू पटवार कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा ने सभी पटवारियों और कानूनगो को हड़ताल में शामिल करने के लिए जनसंपर्क शुरू कर दिया है। हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने बताया कि राष्ट्रीय मुद्दों, कर्मचारियों और आमजन से संबंधित मुद्दों को लेकर 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल होगी। अलग-अलग जिलों और विभागों में हड़ताल को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क और बैठकों का दौर शुरू कर दिया है।

30 जनवरी को पंचकूला और चंडीगढ़ में जो भी निदेशालय हैं वहां कर्मचारियों के बीच संगठन के पदाधिकारी पहुंचकर हड़ताल में अधिक से अधिक कर्मचारियों के शामिल होने के लिए आह्वान किया जाएगा। दी रेवेन्यू पटवार कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के राज्य प्रधान जयबीर चहल और महासचिव सम्मी दहिया ने वित्तायुक्त हरियाणा को लंबित मांगों से अवगत कराते हुए हड़ताल में शामिल होने की जानकारी दी है। एसोसिएशन ने 18 मांगें उठाई हैं।

राज्य प्रधान चहल के अनुसार नवनियुक्त पटवारियों को मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार वेतनमान दिया जाए। 2020-2023 का एलटीसी बजट जल्द जारी किया जाए। एलटीसी पोर्टल को ब्लॉक के लिए खोला जाए और ई-गिरदावरी सहायकों का बकाया मानदेय दिया जाए।

पटवारियों को वेतनवृद्धि का लाभ दिया जाए। गिरदावरी के दौरान निलंबित किए गए 6 पटवारियों को बहाल किया जाए। निजीकरण का विरोध करते हुए मजदूर विरोधी लेबर कोड रद्द किए जाएं। सभी विभागों में जनसंख्या के हिसाब से नए पद सृजित करके पक्की नौकरी दी जाएं।

Next Story