
चंडीगढ़: हरियाणा व पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में नगर निगम के मेयर चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस ने गुरुवार को अपने-अपने प्रत्याशियों का ऐलान करते हुए नामांकन करवा दिया है। अब यहां मेयर पद के लिए घमासान तेज हो गया है।
नगर निगम में मेयर चुनाव के लिए कुल 35 पार्षदों और 1 सांसद की वोट मान्य होती है। मेयर बनाने के लिए 19 पार्षदों का समर्थन चाहिए। मौजूदा वक्त में भाजपा के पास 18 पार्षद हैं। वहीं आप के पास 11 पार्षद हैं। कांग्रेस के पास 6 पार्षद हैं जबकि सांसद भी कांग्रेस का है। नामांकन दाखिल करवाने के अंतिम दिन अंतिम समय में आम आदमी पार्टी में बगावत हो गई और पार्षद रामचंद्र यादव ने डिप्टी मेयर पद के लिए आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा है।
रामचंद्र यादव के नामांकन पत्र पर कवरिंग पार्षद के तौर पर कांग्रेस के सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर बंटी और पार्षद दर्शन ने साइन किए हैं। आम आदमी पार्टी इस बार अकेले चुनाव लड़ रही है।
भारतीय जनता पार्टी में चंडीगढ़ प्रदेश के प्रभारी एवं गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षदों की उपस्थिति में की। अतुल गर्ग ने मेयर पद के लिए सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए जसमनप्रीत सिंह तथा डिप्टी मेयर पद के लिए सुमन शर्मा के नामों की आधिकारिक घोषणा की। घोषणा के उपरांत तीनों प्रत्याशियों ने संयुक्त आयुक्त कम सचिव, म्युनिसिपल कॉरपोरेशन हिमांशु गुप्ता के समक्ष नामांकन दाखिल किए।
इस बीच कांग्रेस की तरफ से मेयर पद के लिए गुरप्रीत सिंह गाबी, आम आदमी पार्टी की तरफ से योगेश ढींगरा तथा भाजपा की तरफ से सौरभ जोशी से ने नामांकन दाखिल किया है। सीनियर डिप्टी मेयर के लिए भाजपा की तरफ से जसमनप्रीत सिंह, आप की तरफ से मुन्नवर खान तथा कांग्रेस की तरफ से सचिन गालिब ने नामांकन किया है। डिप्टी मेयर के लिए भाजपा की तरफ से सुमन शर्मा, आप की तरफ से जसविंद्र कौर तथा कांग्रेस की तरफ से निर्मला देवी मैदान में हैं।





