हरियाणा

Chandigarh: पुलिस ने सात दिनों के अंदर दूसरी बार मॉक ड्रिल के जरिए परखी सुरक्षा व्यवस्था

Admindelhi1
20 Jun 2025 2:03 PM IST
Chandigarh: पुलिस ने सात दिनों के अंदर दूसरी बार मॉक ड्रिल के जरिए परखी सुरक्षा व्यवस्था
x

चंडीगढ़: कल यानी वीरवार को ऑपरेशन सेल, चंडीगढ़ पुलिस द्वारा होटल ललित, आईटी पार्क में एक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह मॉक ड्रिल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में सुरक्षा तैयारियों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की जांच के उद्देश्य से की गई थी। यह अभ्यास एसपी ऑपरेशंस गीतांजलि खंडेलवाल, आईपीएस के दिशा-निर्देशन और डीएसपी ऑपरेशंस विकास श्योकंद की निगरानी में संपन्न हुआ। इसमें चंडीगढ़ प्रशासन की सभी आपातकालीन सेवाओं और संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मॉक ड्रिल के दौरान होटल ललित को ऑपरेशन सेल की कमांडो टीमों द्वारा घेरकर पूरी तरह से खाली कराया गया। इसके बाद ऑपरेशन सेल की हाउस इंटरवेंशन टीम (हिट), बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया, जिसमें होटल के वीआर हॉल से एक डमी बम सफलतापूर्वक बरामद किया गया।

घटना की सूचना पर ऑपरेशन सेल की क्विक रिएक्शन टीमें (क्यूआरटी), पीसीआर वाहन, जीएमएसएच-16 की एंबुलेंस, पुलिस अस्पताल सेक्टर-26 की एंबुलेंस, डायल-112, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस की टीम, मोबाइल फॉरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच, सीआईडी और आईटी पार्क थाना पुलिस की टीम मौके पर तुरंत पहुंची। बम बरामदगी के बाद पूरे होटल की गहन तलाशी हिट टीमों और बम निरोधक दस्ते द्वारा की गई, लेकिन कोई अन्य संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला। बरामद डमी बम को सुरक्षा नियमों के तहत सैंड बैग ट्रक में रखकर पीसीआर वाहनों की पायलट और एस्कॉर्ट टीम के साथ पुलिस लाइन, सेक्टर-26 के खुले मैदान में ले जाकर निष्क्रिय किया गया।

Next Story