हरियाणा

Chandigarh: नई पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है पीएम मोदी का जीवन : नायब सैनी

Admindelhi1
10 Sept 2026 6:03 PM IST
Chandigarh: नई पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है पीएम मोदी का जीवन : नायब सैनी
x
पीएम मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा की राह दिखाएगा : नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पूरी दुनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण, बलिदान और त्याग के 25 वर्षों को महसूस किया है। इस नान स्टॉप सेवाकाल के दौरान उन्होंने अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा में लाने का काम किया है। 17 सितंबर से एक माह का सेवा संकल्प अभियान नई पीढ़ियों को उनके जीवन से राष्ट्र सेवा की प्रेरणा और सीख लेने का अवसर प्रदान करेगा। यह अभियान सरकार, संगठन और समाज को एक सूत्र में पिरोते हुए जनकल्याण और सेवा की भावना को मजबूत करेगा।

बुधवार काे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पंचकमल में सेवा संकल्प अभियान पर सरकार-संगठन की समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश मे राजनीतिक दलों द्वारा गठजोड़ करके लंबे समय से शासन तंत्र चलाया जा रहा था, जिसे 25 साल पहले मुख्यमंत्री के तौर पर नरेन्द्र मोदी ने तोड़ने का काम किया और इसी तरह उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जन-जन का भरोसा जीतकर नान स्टॉप सरकार चलाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। निर्धारित 12 कार्यक्रमों की रूपरेखा जनभागीदारी पर आधारित होगी। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आसपास के दायरे में आमजन को भागीदारी के लिए प्रेरित करे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान में अपनी भागीदारी करने और आमजन की भागीदारी को बढाने के लिए सुनियोजित तरीके से काम कर रहे हैं। डॉ. गुप्ता ने कहा कि 17 सितंबर को सेवा दिवस के मौके पर प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन की भागीदारी के साथ प्रदेशभर में 20 लाख दीये लगाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना आशीर्वाद प्रेषित करेंगे।

उन्होंने कहा कि सेवा दिवस के मौके पर रक्तदान शिविरों की शृंखला की शुरुआत कुरुक्षेत्र से मुख्यमन्त्री करेंगे जो भाजपा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों पर अलग-अलग दिनों में आयोजित की जाएगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रदेश में सेवा ज्योति कलश यात्राएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें मण्डल स्तर की यात्रा विधानसभा स्तर होते हुए जिला पर पहुंचेंगी और सभी जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में आमजन के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सम्बोधन सुनेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवक महाकुंभ का सूरजकुंड में आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें 7 प्रदेशों के सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, चेयरमैन, शहरी निकायों के जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां जल्द से जल्द पूरी की जाएं। बड़े आयोजनों को लेकर सरकार और संगठन आपसी समन्वय से प्रभावी एवं बेहतर योजना बनाकर कार्य करें, ताकि अभियान का संदेश व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचे।

इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी मंत्री रणबीर गंगवा, प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा, गोपाल शर्मा, वेद फुल्लां, सत्य प्रकाश जरावता, मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी,जिलाध्यक्ष, जिलाप्रभारी उपस्थित रहे।

Next Story