Chandigarh: अधिकारियों और कर्मचारियों को सिखाई जाएगी फिंगर प्रिंट विज्ञान की बारीकियां

चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को अब फिंगरप्रिंट विज्ञान और आधुनिक अपराध जांच तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह तीन महीने का विशेष कोर्स 6 जुलाई 2026 से शुरू होकर सितंबर 2026 तक चलेगा। इसमें इंस्पेक्टर से लेकर हेड कांस्टेबल स्तर तक के पुलिसकर्मी भाग ले सकेंगे।
पुलिस विभाग का मानना है कि बदलते समय में अपराधों की प्रकृति तेजी से जटिल हो रही है, ऐसे में जांच अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों से लैस करना आवश्यक है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की वैज्ञानिक जांच क्षमता को मजबूत करना और उन्हें तकनीक आधारित जांच में दक्ष बनाना है, ताकि मामलों का निस्तारण अधिक सटीक और प्रभावी तरीके से हो सके।
एनसीआरबी की यह पहल पुलिसिंग को तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फिंगरप्रिंट विज्ञान, डिजिटल पहचान तकनीक और आधुनिक फोरेंसिक पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।
कोर्स में नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम, डिजिटल फिंगरप्रिंट विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रहण और परीक्षण, फोरेंसिक सहयोग, डेटा विश्लेषण तथा अपराधियों की पहचान से जुड़ी आधुनिक तकनीकों जैसे विषय शामिल होंगे। इसके साथ ही जांच की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया जाएगा।





