Chandigarh: नायब सैनी ने प्रधानमंत्री को स्मारक उद्घाटन का न्योता भेजा

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करके अंबाला में बने शहीद स्मारक का उद्घाटन करने का निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री के बाद सीएम सैनी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की।प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें अंबाला में भव्य रूप से बनकर तैयार हुए शहीद स्मारक के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री ने उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, लेकिन अभी तारीख तय नहीं हुई है। प्रधानमंत्री से मिलने के बाद नायब सिंह सैनी सीधे भाजपा अध्यक्ष से मिलने गए। मुलाकात के दौरान राज्य में होने वाले शहरी निकाय चुनाव पर चर्चा हुई। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य संगठन को वीबी-जी राम जी योजना के समर्थन में विधानसभा वार सम्मेलन करने के निर्देश दे रखे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष को राज्य में निकाय चुनाव के संचालन की समस्त गतिविधियों से अवगत कराया। साथ ही संगठन द्वारा बनाई गई विभिन्न समितियों की जानकारी दी। भाजपा अध्यक्ष के साथ नायब सिंह सैनी की पार्टी में होने वाली नई ज्वाइनिंग पर भी बातचीत हुई है। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के संचालन के दौरान आने वाली प्रत्येक समस्याओं के समाधान के लिए भी भाजपा ने राज्य स्तरीय कमेटी बनाई है।





