हरियाणा

Chandigarh: नगर पालिका-अग्निशमन कर्मियों की हड़ताल बढ़ी, सरकार के खिलाफ नाराजगी

Admindelhi1
10 Aug 2026 9:59 AM IST
Chandigarh: नगर पालिका-अग्निशमन कर्मियों की हड़ताल बढ़ी, सरकार के खिलाफ नाराजगी
x
सरकारी वादों पर अमल नहीं होने से कर्मचारी नाराज, हड़ताल जारी

चंडीगढ़: नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने सरकार की वायदा खिलाफी के खिलाफ आंदोलन तेज करते हुए 6 अगस्त से चल रही तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल को तीन दिन और आगे बढ़ाकर 11 अगस्त तक जारी रखने का ऐलान किया है। पहले चरण में यह हड़ताल 9 अगस्त तक की गई थी। दोनों यूनियनों ने स्पष्ट किया है कि सरकार द्वारा 13 मई को हुए समझौते को लागू करने के बजाय उससे पीछे हटने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कर्मचारी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे।

नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि सरकार और संघ के बीच 13 मई 2026 को हुई वार्ता में 22 मांगों में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी। इनमें कच्चे एवं अनुबंध कर्मचारियों को पक्का करना, नगरपालिका रोल के दैनिक वेतन कर्मचारियों को नियमित करना, अग्निशमन विभाग के अनुबंध कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेना, सफाई एवं सीवर व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त करना, कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, ईएसआई एवं ईपीएफ का लाभ, वर्दी भत्ता एवं जोखिम भत्ता देना सहित कई महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं।

शास्त्री ने बताया कि संघ एवं अग्निश्मन यूनियन ने ऑनलाइन बैठक कर करनाल के वीरु वाल्मीकि हत्याकांड के दोषियों की गिरफ्तारी करने एवं मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता राशि व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर 10 अगस्त को जिला उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने का निर्णय किया है। संघ ने 10 अगस्त को ट्रेड यूनियनों एवं किसान संगठनों द्वारा चल भरो आंदोलन का भी समर्थन करते हुए बिजली विभाग की सभी यूनियनों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी द्वारा 11 अगस्त से तीन दिवसीय हड़ताल का भी जोरदर समर्थन करने का भी एलान किया है।

नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री महासचिव मांगेराम तिगरा,हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिन्द महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए कर्मचारी भवीचंद एवं रणबीर के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता तथा नियमित नौकरी देने, सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के नए पद सृजित कर रिक्त पदों पर पक्की भर्ती करने सहित अन्य मांगों पर भी सरकार ने सहमति जताई थी।

सरकार अब अपने ही फैसले से पीछे हट रही है। 5 अगस्त को हुई बैठक में भी सरकार ने 13 मई के समझौते के अनुरूप मांगों को लागू करने के बजाय केवल नियमितीकरण की मांग पर कानून एवं वित्त विभाग से सहमति लेने के नाम पर समय मांगने का प्रयास किया।

नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने सरकार के इस रवैये का कड़ा विरोध करते हुए हड़ताल को 11 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला लिया है।

Next Story