हरियाणा

Chandigarh: लोन खातों के मिलान से खुलेगा पीएनबी घोटाले का राज

Admindelhi1
23 Jan 2026 3:47 PM IST
Chandigarh: लोन खातों के मिलान से खुलेगा पीएनबी घोटाले का राज
x

चंडीगढ़: पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ हुए 2,434 करोड़ रुपये के लोन फ्राड को लेकर हरियाणा सरकार अलर्ट हो गई है। प्रदेश सरकार ने उन सरकारी कर्मचारियों के ऋण खातों के मिलान (रिकांसिलिएशन) की प्रक्रिया शुरू की है, जिन्होंने पंजाब नेशनल बैंक से लोन लिया हुआ है अथवा जिनके ऋण खाते ऋण पोर्टफोलियो के स्थानांतरण के बाद पीएनबी को ट्रांसफर किए गए हैं। राज्य के वित्त विभाग द्वारा इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया है।

हरियाणा सरकार की ओर से गुरुवार को इस मामले में सभी विभागों को सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा गया है कि नोडल अधिकारियों की नियुक्तियां जल्द से जल्दी की जाएं। इस प्रक्रिया की निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों या कार्यालयों को मुख्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने होंगे। यह नोडल अधिकारी अपने विभाग अथवा कार्यालयों के सभी ऋणधारक कर्मचारियों के ऋण खातों के मिलान की प्रक्रिया की देखरेख करेंगे।

इसके अतिरिक्त, प्रत्येक विभाग-कार्यालय को जिला स्तर पर भी नोडल अधिकारी नामित करने को कहा गया है। ये अधिकारी विभिन्न जिलों में ऋण खातों के मिलान के साथ-साथ अन्य संगठनों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत ऋणधारक कर्मचारियों के ऋण मामलों के मिलान का भी समन्वय करेंगे। राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि नामित नोडल अधिकारियों के नाम एवं संपर्क विवरण 27 जनवरी तक वित्त विभाग को ई-मेल पर भेजे जाएं, ताकि ऋण खातों के मिलान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

Next Story