हरियाणा

Chandigarh: बाल कल्याण आयोग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, सुष्मा गुप्ता पदमुक्त

Admindelhi1
22 Jun 2026 4:07 PM IST
Chandigarh: बाल कल्याण आयोग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, सुष्मा गुप्ता पदमुक्त
x
सुष्मा गुप्ता को महासचिव पद से हटाने का आदेश जारी

चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम घोष ने आदेश जारी कर हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव सुषमा गुप्ता की नियुक्ति समाप्त कर दी है। इस संबंध में राजभवन की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं।

राजभवन से जारी निर्देशों के अनुसार सुषमा गुप्ता को तत्काल प्रभाव से मानद महासचिव के पद से मुक्त कर दिया गया है। यह निर्णय राज्यपाल सचिवालय स्तर पर लिया गया है।

सुषमा गुप्ता को 18 जुलाई 2024 को तत्कालीन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय द्वारा हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद का मानद महासचिव नियुक्त किया गया था। वह इससे पहले रेडक्रॉस में वाइस चेयरपर्सन के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं। रेडक्रॉस में कार्यकाल के बाद उन्हें बाल कल्याण परिषद में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पत्नी सुमन सैनी परिषद में पदेन वाइस चेयरपर्सन हैं।

सुषमा गुप्ता को पदमुक्त किए जाने के बाद परिषद के प्रशासनिक ढांचे में नई जिम्मेदारियों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। हालांकि, जारी आदेशों में उन्हें हटाए जाने के कारणों का कोई विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।

राजभवन की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में विभिन्न चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं, अब सभी की नजर इस बात पर है कि परिषद के इस महत्वपूर्ण पद पर अगली नियुक्ति कब और किसे दी जाएगी।

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद राज्य में बच्चों के कल्याण, शिक्षा, संरक्षण और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं का संचालन करती है। परिषद में मानद महासचिव का पद प्रशासनिक समन्वय और योजनाओं के क्रियान्वयन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जाता है।

Next Story