हरियाणा

Chandigarh: संगठन सृजन अभियान को लेकर महिला कांग्रेस की तैयारी

Admindelhi1
12 Sept 2026 11:35 AM IST
Chandigarh: संगठन सृजन अभियान को लेकर महिला कांग्रेस की तैयारी
x
पर्ल चौधरी ने संगठन सृजन अभियान की घोषणा की

चंडीगढ़: हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने बताया कि प्रदेश में महिला कांग्रेस संगठन को जिला स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक मजबूत, व्यापक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘संगठन सृजन अभियान’ शुरू किया जा रहा है।

चंडीगढ़ में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा और हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी की समन्वय बैठक में इस अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया था।

इस अभियान के तहत अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा हरियाणा के सभी जिलों के लिए 24 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। ये पर्यवेक्षक 12 से 20 सितंबर के बीच संबंधित जिलों में जाकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के समन्वय और सहयोग से महिला नेताओं एवं सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। अभियान के बाद पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट 21 सितंबर को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा को सौंपी जाएगी।

अभियान का उद्देश्य केवल नए जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षों का चयन करना नहीं है, बल्कि ऐसे सक्षम, समर्पित और सक्रिय महिला नेतृत्व की पहचान करना है, जो संगठन को बूथ और गांव तक मजबूत करने, महिलाओं की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्षम हो। पर्यवेक्षक महिला नेताओं के संगठनात्मक अनुभव, राजनीतिक सहभागिता, जनसंपर्क, प्रतिबद्धता और जमीनी स्तर पर संगठन खड़ा करने की क्षमता का आकलन करेंगे।

पर्ल चौधरी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान हमारे लिए केवल पदों को भरने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि हरियाणा में महिला नेतृत्व की नई पीढ़ी तैयार करने का अभियान है। हमारा लक्ष्य ऐसी महिलाओं को आगे लाना है जो संघर्ष करने का साहस, संगठन खड़ा करने की क्षमता और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प रखती हों।

Next Story