हरियाणा

Chandigarh: पश्चिमी कमान में लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने कार्यभार संभाला

Admindelhi1
27 May 2026 10:27 AM IST
Chandigarh: पश्चिमी कमान में लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने कार्यभार संभाला
x
पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ बने हरजीत सिंह साही

चंडीगढ़: हरियाणा के चंडीमंदिर सैन्य स्टेशन में मंगलवार को भारतीय सेना की पश्चिमी कमान को नया रणनीतिक नेतृत्व मिला। लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार संभाल लिया। सेना के भीतर उन्हें एक ऐसे अधिकारी के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने मैदान से लेकर ‘वार रूम’ तक हर स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है।

लेफ्टिनेंट जनरल साही ऐसे समय में पश्चिमी कमान की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जब देश की पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर सुरक्षा चुनौतियां लगातार बदल रही हैं। सीमा सुरक्षा, तकनीकी युद्ध, सूचना युद्ध और आतंकवाद विरोधी अभियानों का उनका लंबा अनुभव अब पश्चिमी कमान की रणनीतियों को नई दिशा देगा। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल पुनीत आहूजा का स्थान लिया है, जिन्हें सेना मुख्यालय में महानिदेशक रणनीतिक योजना की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पंजाब पब्लिक स्कूल, नाभा और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून से शिक्षा प्राप्त करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल साही को दिसंबर 1988 में राजपूत रेजिमेंट की 23वीं बटालियन में कमीशन मिला था। तीन दशक से अधिक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। सियाचिन ग्लेशियर जैसी दुनिया की सबसे कठिन तैनाती से लेकर जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर आतंकवाद विरोधी अभियानों तक, उन्होंने हर मोर्चे पर नेतृत्व किया। उन्होंने काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स ‘किलो’ में अपनी बटालियन और इन्फैंट्री ब्रिगेड की कमान संभाली। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में भारतीय सेना की सबसे बड़ी कोर - ‘3 कोर’ की कमान शामिल है। यह कोर पूर्वी सीमाओं, भारत-म्यांमार सीमा और उत्तर-पूर्व के छह राज्यों की सुरक्षा संभालती है। मई 2023 में मणिपुर में भड़की हिंसा के दौरान उन्होंने हालात को स्थिर करने और सैन्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।

लेफ्टिनेंट जनरल साही सिर्फ मैदान के कमांडर ही नहीं, बल्कि आधुनिक सैन्य रणनीति और सूचना युद्ध के भी विशेषज्ञ माने जाते हैं। सेना मुख्यालय में वे महानिदेशक सूचना युद्ध जैसी अहम जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने अतिरिक्त महानिदेशक सैन्य संचालन और ऑपरेशनल कोर में ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ जैसे अहम पदों पर भी काम किया है।

Next Story