Chandigarh: करनाल सेक्टर 16 का नक्शा होगा नया, नीलोखेड़ी-तरावड़ी में बदलाव

चंडीगढ़: हरियाणा के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने नीलोखेड़ी-तरावड़ी क्षेत्र के मास्टर प्लान 2041 में बड़ा बदलाव किया है। 2041 की संभावित आबादी के हिसाब से यहां विकसित किए जा रहे सेक्टर-16 के सेक्टोरल प्लानिंग में संशोधन को सैद्धांतिक मंजूरी सरकार ने दी है। विभाग ने इस संबंध में पब्लिक नोटिस जारी कर आम जनता से 30 दिनों के भीतर आपत्तियां/सुझाव आमंत्रित किए हैं।
विभाग ने पहले से स्वीकृत सेक्टोरल प्लान और नए प्रस्तावित सेक्टोरल प्लान दोनों की स्कैन कॉपी अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। संशोधित प्लान के तहत सेक्टर-16 में आवासीय, वाणिज्यिक व पब्लिक यूटिलिटी क्षेत्र का नया पुनर्गठन किया गया है। मुख्य सडक़ों, ग्रीन बेल्ट, ओपन स्पेसेस और यूटिलिटी जोन का भी नये तरीके से निर्धारण किया है।
प्लान के मानचित्र में पुराने व नए क्षेत्रों का स्पष्ट विभाजन और रिहायशी क्षेत्र, कमर्शियल जोन व जनसुविधाओं के क्षैत्र की नई सीमा तय की हैं। इस बदलाव से कई प्लॉटों व मार्गों की दिशा भी बदली जा सकेगी। पब्लिक नोटिस में कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति इस प्रस्तावित संशोधन के खिलाफ एसटीपी पंचकूला के कार्यालय में 30 दिनों के भीतर अपनी लिखित आपत्ति दाखिल कर सकता है। देर से मिली आपत्तियां स्वीकार नहीं होंगी।
इसके बाद एसटीपी पंचकूला की टीम 15 दिनों में सभी आपत्तियों का तकनीकी मूल्यांकन करेगी। रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाएगी। अंतिम निर्णय वहीं से होगा। यह प्रक्रिया इस बात को सुनिश्चित करती है कि किसी भी विकासात्मक परिवर्तन से स्थानीय निवासियों, निवेशकों और संस्थानों को प्रभावित न होने दिया जाए, या उनकी चिंताओं का समाधान पहले ही कर दिया जाए। माना जा रहा है कि नीलोखेड़ी-तरावड़ी तरावड़ी क्षेत्र एनएच-44 कॉरिडोर पर होने के कारण तेजी से विकसित हो रहा है। सेक्टर-16 की नई जोनिंग नए कमर्शियल केंद्रों के लिए रास्ता खोलेगी। पब्लिक यूटिलिटी जोन के विस्तार से सरकारी सेवाओं का ढांचा मजबूत होगा।





