हरियाणा

Chandigarh: आईपीएस नाजनीन भसीन को मिली एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की जिम्मेदारी

Admindelhi1
11 July 2026 12:34 PM IST
Chandigarh: आईपीएस नाजनीन भसीन को मिली एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की जिम्मेदारी
x
"आईपीएस नाजनीन भसीन संभालेंगी एटीएस की कमान"

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने आतंकवादियों और आतंकी घटनाओं से निपटने के लिए एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) का गठन कर दिया है। हाल ही में गृह सचिव सुधीर राजपाल द्वारा इसकी अधिसूचना जारी किए जाने के बाद शुक्रवार को सरकार ने आईजी रेंज की आईपीएस अधिकारी और आरटीसी भोंडसी की आईजी नाजनीन भसीन को एसटीए की आईजी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।सरकार ने आईजी रैंक के आईपीएस की अगुवाई में एटीएस गठन का निर्णय लिया था। उनके साथ तीन आईपीएस अधिकारियों को भी एटीएस में बतौर एसपी नियुक्त किया है। एटीएस का मुख्यालय पंचकूला में रहेगा। पंचकूला के अलावा गुरुग्राम में भी एटीएस का विशेष थाना होगा। एसपी सिक्योरिटी सीआईडी लोकेंद्र सिंह, एसपी सीआईडी उपासना तथा एसपी सिक्योरिटी वरुण सिंह को एसटीएस में बतौर एसपी शामिल किया है।

एसटीएस में अभी और भी कई अधिकारियों की नियुक्ति होनी है। इनमें पुलिस कांस्टेबल से लेकर डीएसपी रैंक तक के अधिकारी शामिल रहेंगे। सबसे पहले महाराष्ट्र में एटीएस का गठन किया गया था। हरियाणा ने भी एटीएस का गठन करने से पहले महाराष्ट्र के कानून का अध्ययन किया था। इसके बाद इस पर गहन मंत्रणा के बाद हरियाणा में लागू करने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया।

1993 बैच के आईपीएस आलोक मित्तल के केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद जेल महानिदेशक का जिम्मा एंटी करप्शन ब्यूरो के चीफ (डीजीपी रैंक) एएस चावला को सौंपा गया है। जेल विभाग के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार चावला के पास रहेगा। वहीं दूसरी ओर, आलोक मित्तल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलेपमेंट (बीपीआरएंडी) के महानिदेशक (डीजी) पद पर अपना कार्यभार संभाल लिया है।

मधुबन पुलिस कॉम्पलैक्स की महानिदेशक व 1994 बैच की आईपीएस कलारामचंद्रन को सरकार ने एफएसएल, मधुबन की निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा है। आईपीएस पंकज नैन को वर्तमान कार्यभार के साथ-साथ पंचकूला का पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

इसी तरह से पंचकूला डीसीपी सृष्टि गुप्ता को यहां से बदल कर पंचकूला पुलिस मुख्यालय में एआईजी (वेलफेयर) लगाया है। साथ ही, वे हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की एसपी भी रहेंगी। स्टेट विजिलेंस ब्यूरो की एसपी अदिति सिंह को यहां से बदल कर पंचकूला की डीसीपी लगाया है।

Next Story