हरियाणा

Chandigarh: अब पर्यटन विभाग के ढाबों पर ही रुकेंगी एचवीएसी बसें

Admindelhi1
20 May 2026 12:24 PM IST
Chandigarh: अब पर्यटन विभाग के ढाबों पर ही रुकेंगी एचवीएसी बसें
x

चंडीगढ़: हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने प्रदेश की जनता को बेहतर, सुरक्षित और अनुशासित परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत हरियाणा राज्य परिवहन की सभी एचवीएसी (हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग) बसों को जलपान के लिए केवल हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकृत ढाबों पर ही रोका जाएगा।

परिवहन मंत्री के निर्देश पर हरियाणा राज्य परिवहन के महानिदेशक द्वारा एक पत्र प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को जारी किया गया है। परिवहन मंत्री विज ने बताया कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में जलपान की सुविधा मिल सके। विज ने बताया कि हरियाणा पर्यटन विभाग के ढाबे गुणवत्ता, स्वच्छता और सरकारी मानकों के अनुरूप संचालित होते हैं। ऐसे में राज्य परिवहन की एचवीएसी बसों को केवल अधिकृत पर्यटन ढाबों (हरियाणा क्षेत्र) पर रोकने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और परिवहन व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित होगा।

उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि हरियाणा क्षेत्र में किसी भी स्थिति में एचवीएसी बसों को निजी ढाबों पर न रोका जाए। इसके लिए सभी चालक एवं परिचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के आदेश भी दिए गए हैं।

परिवहन मंत्री ने स्पष्ट करते हुए बताया कि यदि किसी स्तर पर इन निर्देशों की अवहेलना पाई जाती है तो संबंधित चालक अथवा परिचालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Next Story