Chandigarh: मानवाधिकार आयोग सख्त, करनाल में छात्र दंड विवाद

चंडीगढ़: करनाल स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में कक्षा सातवीं के एक नाबालिग छात्र को कथित रूप से शिक्षक द्वारा थप्पड़ मारे जाने की घटना ने हरियाणा मानव अधिकार आयोग को झकझोर दिया है। आयोग ने इस कृत्य को स्कूल परिसर में बच्चों की गरिमा व मानसिक स्वास्थ्य पर सीधा आक्रमण बताते हुए इसे बच्चों के वैधानिक अधिकारों का गंभीर उल्लंघन करार दिया।
शिकायत के अनुसार, छात्र को एक साधारण गलती पर अन्य विद्यार्थियों के सामने बार-बार थप्पड़ मारे गए। घटना से उत्पन्न अपमान, भय और मानसिक आघात को आयोग ने विशेष रूप से गंभीर माना। मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस (सेवानिवृत्त) ललित बत्रा ने स्पष्ट कहा कि स्कूलों में ऐसी घटनाएं बच्चों में दीर्घकालिक भावनात्मक असुरक्षा पैदा करती हैं, जो किसी भी सिविलाइज्ड स्पेस (सभ्य वातावरण) का संकेत नहीं है।
आयोग ने जिला शिक्षा अधिकारी करनाल को निर्देश दिया है कि वे जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के साथ मिलकर डीपीएस की पूरी संचालन प्रणाली का विस्तृत ऑडिट कराएं। जांच में जिन बिंदुओं की समीक्षा होगी, उनके बारे में भी स्पष्ट किया गया है। ऑडिट में यह तय होगा कि शारीरिक दंड पर प्रतिबंध वाले कानूनों का वास्तविक अनुपालन हो। आयोग ने डीपीएस करनाल के प्राचार्य से भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें घटना के तथ्य, संबंधित शिक्षक पर की गई कार्रवाई, भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के उपाय तथा प्रभावित बच्चे के खिलाफ किसी भेदभाव की आशंका से इंकार का स्पष्ट आश्वासन शामिल होगा।





