हरियाणा

Chandigarh: केएमपी कॉरिडोर के निकट विकसित होंगे पांच नए शहर

Admindelhi1
16 Jun 2026 12:01 PM IST
Chandigarh: केएमपी कॉरिडोर के निकट विकसित होंगे पांच नए शहर
x

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे के किनारे पांच नए शहर बसाएगी। मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा प्रस्तावित योजना पेश की जाएगी।बैठक में सबसे अधिक चर्चा जिस प्रस्ताव पर रहने की संभावना है, वह है कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर 2 से 6 किलोमीटर क्षेत्र में पांच नए आधुनिक शहर विकसित करने की योजना है। मनोहर सरकार के समय में आई इस योजना को नायब सरकार आगे बढ़ाना चाहती है। इन प्रस्तावित शहरों को केवल रिहायशी कॉलोनियों के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य के एकीकृत शहरी केंद्रों के तौर पर विकसित करने की सोच है। इनमें आवास, रोजगार, उद्योग, डिजिटल सेवाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्र और सामाजिक बुनियादी ढांचे को एक साथ जोड़ा जाएगा।

एनसीआर-2041 की रूपरेखा भी आर्थिक गलियारों, नियोजित शहरीकरण और बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर देती है। हरियाणा का फोकस इस बार केवल दिल्ली से सटे इलाकों तक सीमित विकास नहीं, बल्कि बहु-केंद्रीय विकास मॉडल पर माना जा रहा है। ड्राफ्ट एनसीआर-2041 में भी उप-क्षेत्रीय केंद्र, सेवा केंद्र और नए शहरी नोड विकसित कर आबादी और आर्थिक गतिविधियों का संतुलित वितरण करने का सुझाव दिया गया है। सरकार की सोच यह मानी जा रही है कि दिल्ली और गुरुग्राम पर लगातार बढ़ रहे दबाव को कम करने के लिए नए शहरी केंद्र तैयार किए जाएं। केएमपी एक्सप्रेस-वे पहले ही हरियाणा के कई जिलों को जोडऩे वाला रणनीतिक कॉरिडोर बन चुका है।

Next Story