हरियाणा

Chandigarh: आग की घटना से महाभारत अनुभव केंद्र में मचा हड़कंप

Admindelhi1
25 May 2026 11:44 AM IST
Chandigarh: आग की घटना से महाभारत अनुभव केंद्र में मचा हड़कंप
x
"कुरुक्षेत्र के केंद्र में आग लगने से बड़ा नुकसान"

चंडीगढ़: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में रविवार को अचानक आग लग गई। आग से यहां भारी नुक्सान हुआ है। संयोग से घटना के समय कोई कर्मचारी या पर्यटक केंद्र में नहीं था। करीब 206 करोड़ की लागत से बने इस केंद्र का उदघाटन पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित इस केंद्र के बी-ब्लॉक की बेसमेंट में रविवार की दोपहर अचानक भडक़ गई। जहां आग लगी वहां सोलर ऊर्जा पैनलों से जुड़ी करीब 200 बैटरियां रखी हुई थीं। बैटरियों में अचानक आग भडक़ने के बाद देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखा सामान भी उसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बेसमेंट से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इसके अलावा वहां लगे तीन एसी भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। बैटरियों में आग लगने के कारण लगातार धमाके जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। दमकल कर्मियों को भी आग बुझाने में काफी दिक्कतें आई। आशंका जताई जा रही है कि यह शॉर्ट सर्किट या बैटरियों में किसी तकनीकी खराबी के कारण लगी है। जिला प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Next Story