चंडीगढ़: गलत नियुक्तियां को लेकर आईएएस अशोक खेमका के खिलाफ एफआईआर की सिफारिश

हरयाणा क्राइम न्यूज़: हरियाणा की सभी सरकारों में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले आईएएस अशोक खेमका खुद ही भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर गए हैं। खेमका के खिलाफ पद का दुरुपयोग करते हुए पैसे लेकर नियुक्तियां करने का आरोप है। यह पहला मौका है जब अशोक खेमका इस तरह से विवादों में घिरे हैं। इससे पहले खेमका खुद कई सरकारों और अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर चुके हैं। हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के एमडी और करनाल के मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने यह कार्रवाई की है। अशोक खेमका की छवि भ्रष्टाचार का विरोध करने वाले अधिकारी की है, लेकिन संजीव वर्मा की इस कार्रवाई से उनकी छवि पर सवाल खड़े हो गए हैं। संजीव वर्मा ने उन दोनों अधिकारियों को भी निलंबित करने की सिफारिश कर दी है, जिन्हें अशोक खेमका ने भर्ती किया था। अशोक खेमका के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों में पंचकूला के सेक्टर पांच थाने में एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की गई है। खेमका पर आरोप है कि वर्ष 2010 में हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के एमडी पद पर रहते हुए प्रथम श्रेणी के दो अधिकारियों की गलत ढंग से पैसे लेकर नियुक्तियां की गईं। यह दोनों अधिकारी मैनेजर रैंक के हैं।
संजीव वर्मा द्वारा एफआईआर की सिफारिश किए जाने के बाद पंचकूला पुलिस असमंजस में है। संजीव ने इस पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्य संजीव कौशल और कृषि विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा को भेजकर अशोक खेमका के खिलाफ चार्जशीट करने की सिफारिश भी की है। अशोक खेमका के विरुद्ध संजीव वर्मा की इस कार्रवाई से अफसरशाही में हड़कंप मचा हुआ है।





