हरियाणा

Chandigarh: कांग्रेस ने जिला कमेटियों के पदाधिकारियों की सूची जारी की

Admindelhi1
17 Jan 2026 8:28 PM IST
Chandigarh: कांग्रेस ने जिला कमेटियों के पदाधिकारियों की सूची जारी की
x

चंडीगढ़: हरियाणा में कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश की 33 में से 20 जिला कमेटियों में पदाधिकारियों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने संगठन का विस्तार राहुल गांधी के हरियाणा दौरे से ठीक पहले किया है।

कांग्रेस द्वारा संगठन सृजन के तहत इन दिनों कुरुक्षेत्र में शिविर चल रहा है। जिसमें हरियाणा व उत्तराखंड के सभी जिला अध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कुरुक्षेत्र में चल रहे संगठन सृजन अभियान के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों के अनुरूप पहले जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां पूरी की जा चुकी हैं। कुरुक्षेत्र में 13 जनवरी से 22 जनवरी तक के लिए हरियाणा एवं उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए राहुल गांधी अगले सप्ताह हरियाणा आ रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य के कुल 33 जिला कांग्रेस कमेटियों में से 20 जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी के विस्तार हेतु नई नियुक्तियां कर दी गई हैं। शेष तेरह जिला कांग्रेस कमेटियों की नियुक्तियां भी अत्यंत शीघ्र पूरी कर उनकी घोषणा कर दी जाएगी। राव नरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत पूरे जोश और समर्पण के साथ संगठन विस्तार का कार्य चल रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को सशक्त करना, संविधान की रक्षा करना और उसे मजबूती से लागू करने की लड़ाई को प्रभावी ढंग से लडऩा है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह कदम संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है, जो पार्टी को जमीनी स्तर पर पुनर्जीवित करने और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में उठाया गया है। हरियाणा कांग्रेस अब मजबूत संगठन के साथ आगामी चुनौतियों और स्थानीय चुनावों (जैसे नगर निगम चुनाव) के लिए पूरी तरह तैयार है।

Next Story