हरियाणा

Chandigarh: कांग्रेस ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति, भर्तियों से कर्मचारी मुद्दे तक होंगे निशाने पर

Admindelhi1
21 Aug 2026 10:58 AM IST
Chandigarh: कांग्रेस ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति, भर्तियों से कर्मचारी मुद्दे तक होंगे निशाने पर
x
सरकारी भर्तियों में अनियमितता से एसआईआर तक, कांग्रेस उठाएगी सवाल

चंडीगढ़: हरियाणा में विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सरकार को भर्तियों, कौशल निगम, एसआईआर, कानून व्यवस्था, सफाई कर्मियों की मांगों, सरकार के घोटालों व किसानों की समस्याओं समेत कई मुद्दों पर घेरा जाएगा। 27 अगस्त से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र के संबंध में गुरुवार को चंडीगढ़ में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में सदन के भीतर और बाहर उठाए जाने वाले तमाम मुद्दों पर चर्चा की गई।

इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इथेनॉल की मिलावट के बावजूद पेट्रोल की कीमतें तो पहले ही आसमान छू रही हैं। लेकिन अब इसके चलते चीनी के रेट ने भी आम आदमी के होश उड़ा दिए हैं। चीनी का भाव 70 रुपये पर पहुंच गया है, यानी ये कुछ ही महीने में लगभग डबल हो गया है। यानी ईंधन से लेकर खाने-पीने के सामान तक, जनता पर चौतरफा मार पड़ रही है।

हुड्डा ने बताया कि एसआईआर को लेकर पार्टी पूरी तरह चौकन्ना है। चुनाव आयोग और भाजपा की मिलिभगत पर अंकुश लगाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं। पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग में भी अपनी शिकायतें दर्ज करवा दी हैं।

बैठक में हुड्डा ने बीजेपी सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों दादरी में सरेआप फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती, जैसी वारदातों से पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल है। थाने के सामने बदमाशों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, इससे साफ है कि उनमें कानून का कोई डर नहीं बचा है। हरियाणा में सरेआम लूट, डकैती, फिरौती, हत्या, फायरिंग रूटिन बन गई है।

सभी विधायकों ने मांग उठाई है कि भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में गुजरात के साथ हरियाणा को भी को-ऑर्गेनाइजर स्टेट बनाया जाए। क्योंकि हमेशा हरियाणा के खिलाड़ियों ने हरेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए सबसे ज्यादा मेडल जीते हैं।

Next Story