Chandigarh: पावर प्लांट के लिए यमुनानगर और पानीपत में कोल सप्लाई और रखरखाव कार्य स्वीकृत

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में प्रदेश के लिए कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में 675.82 करोड़ रुपए के कुल 15 एजेंडे रखे गए। नेगोसिएशन के बाद 657.82 करोड़ रुपए में छोड़े गए। इस प्रकार सरकार को लगभग 68.13 करोड़ रुपए की बचत हुई।
मुख्यमंत्री ने बैठक में यमुनानगर व पानीपत थर्मल पावर प्लांट में आटोमेटिड कोयला सप्लायर एवं रखरखाव के लिए प्रक्रिया पूरी की। इसके अलावा डीएचबीवीएनएल के लिए 220 केवी, 33/11 केवी के बिजली ट्रांसफर खरीदने की प्रक्रिया को भी अंतिम रूप दिया।
मुख्यमंत्री ने गुरूग्राम में बसई जलघर से सेक्टर 25, रेलवे लाईन 2 के नीचे से 1600 एमएम से 600 एमएम की पाईप लाईन डालने के कार्य की भी मंजूरी दी। लगभग 55 करोड़ रुपए की लागत से डलने वाली इस पाईप लाईन का कार्य जल्द शुरू कर बरसात के सीजन से पहले पूरा करने को कहा। उन्होंने बुस्टिगं स्टेशन सेक्टर 16 के लिए पाईप लाईन डालने के कार्य को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने गुरूग्राम में स्टोर्म वाटर की निकासी हेतू अशोक विहार से नजदीक भीमगढ खेडी रेलवे कल्वर्ट नम्बर 50 तक आरसीसी मास्टर ड्रेन बनाने की स्वीकृति प्रदान की। इस कार्य पर लगभग 17.60 करोड़ की लागत आएगी। फरीदाबाद में लगभग 41.84 करोड़ रुपए की लागत से 20 एमएलडी सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के कार्य के लिए भी टेण्डर प्रक्रिया पूरी की गई ।
मुख्यमंत्री ने महेन्द्रगढ के गांव धनोदा, फरीदाबाद के गांव नावदा तथा हिसार के गांव किरोड़ी में 400 केवी सब स्टेशन स्थापित करने के कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की। इन पर लगभग 157 करोड़ रुपए की लागत से बिजली ट्रांसफार्मर लगाए जाएगें। जिन गांवों के ट्रांसफार्मरों पर बिजली का लोढ बढ जाता है उनमें अधिक क्षमता के बिजली ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अलावा बावल में बनाए जाने वाले न्यायिक काम्पलेक्स के लिए भी टेण्डर प्रक्रिया पूरी की गई। इसके निर्माण पर 18 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसी प्रकार कालांवाली एसटीपी से रोड़ी घग्गर ड्रेन में पानी डालने के कार्य को भी मंजूरी दी गई।





