
चंडीगढ़: देर रात चंडीगढ़ में हुई बारिश ने एक बार फिर शहर को पानी पानी कर दिया। रविवार रात से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक चंडीगढ़ में 70.5 एमएम बारिश हुई। जबकि सोमवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार शाम 5.30 बजे तक 1.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। ऐसे में चंडीगढ़ में कुल 72.3 एमएम बारिश हुई। चंडीगढ़ में शनिवार सुबह 8.30 बजे से रविवार सुबह 8.30 बजे तक रिकॉर्ड 120 मिलीमीटर बारिश हुई थी। ऐसे में मानसून आने के बाद दो दिनों में चंडीगढ़ में करीब 191 मिलीमीटर बारिश हो गई। बारिश से जलभराव की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, चंडीगढ़ में बारिश से सेक्टर 47-48 की सड़क धंसने से हादसा हो गया। चंडीगढ़ में बारिश के बाद सोमवार को सेक्टर 47 और 48 को जोड़ने वाली सड़क धंसने से एक बाइक सवार उसमें गिर गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बाइक सवार को सुरक्षित निकाला गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद बाइक को गड्ढे से बाहर निकाला गया। गनीमत रही की बाइक सवार बाल-बाल बच गया। उसे मामूली चोट आई हैं। क्योंकि हादसे के वक्त बाइक सवार गड्ढे से बाहर गिर गया था, जिसके चलते उसे चोट कम आई। वहीं, चंडीगढ़ में बारिश के चलते सेक्टर 43 में सड़क धंस गई। 35 टन माल से भरे ट्रक का टायर भी जमीन में धंस गय। गनीमत रही की वक्त रहते ट्रक को साइड कर लिया गया. नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। चंडीगढ़ सेक्टर 43 के रेजिडेंशियल एरिया में एक 18 टायर वाले भारी ट्रक में करीब 35 टन माल लदा हुआ था। अचानक से ट्रक का पहिया सड़क में धंस गया। इसके अलावा चंडीगढ़ में बारिश के चलते सेक्टर 38 में एक पेड़ सड़क पर गिर गय। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तेज बारिश ने शहर के कई सेक्टरों में हालात बिगाड़ दिए। कुछ इलाकों में घरों के अंदर पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई।
जून में बारिश का रिकार्ड टूटा, आज भी अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, ये जून महीने की दूसरी सबसे भारी बारिश है। इससे पहले 30 जून 1988 को 196.5 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। शहर के लोगों का कहना है कि 27 साल बाद ऐसी बारिश देखी गई। वर्ष 2013 में 14 जून को चंडीगढ़ में रिकॉर्ड 92.4 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। सोमवार सुबह को की भी चंडीगढ़ में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ में दो दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई के बाद टर्फ लाइन बंगाल की खाड़ी से उत्तर प्रदेश के बजाय मध्य प्रदेश की ओर शिफ्ट हो जाएगी, जिससे मध्य भारत में बारिश बढ़ेगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री नीचे रहा। मंगलवार और बुधवार को भी बारिश के आसार है।
सुखना लेक में पेड़ पर लिपटा मिला अजगर
चंडीगढ़ में सोमवार को सुखना लेक के किनारे अजगर पेड़ से लिपटा हुआ मिला। जिस किसी ने भी इसे देखा उनकी आंखें फटी के फटी रह गई। क्योंकि इतना विशालकाय अजगर किसी-किसी ने ही पहले कभी देखा था। लगभग 10 फुट लंबा यह अजगर पेड़ के ऊपर कैसे पहुंच गया यह अपने आप में ही हैरानी की बात है। सुखना लेक पर सुखना लेक के रेजुलेटरी एंड के पास सोमवार सुबह एक पेड़ पर 10 फुट लंबा अजगर देख लोगों में हड़कंप मच गया। सैर करने आए एक व्यक्ति ने अजगर को देखते ही शोर मचाया। उसकी आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग डरकर पीछे हट गए और अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुखना लेक चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। उसके बाद वन विभाग और दमकल विभाग की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने कुछ देर की मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ने की तैयारी शुरू की। रेस्क्यू दल के कर्मचारी पेड़ के चारों तरफ घेराबंदी करके बड़े डंडों की मदद से अजगर को नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। पेड़ पर बैठे अजगर को पकड़ने के लिए दमकल विभाग की हाइड्रोलिक गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। लेकिन अजगर बार-बार पेड़ की ऊंची शाखाओं पर चढ़ जाता। काफी देर तक यही सिलसिला चलता रहा। आखिर में टीम की लगातार कोशिशों के बाद अजगर को पकड़ने में कामयाबी हाथ लगी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संभवत: अजगर को पेड़ पर कोई छोटा जानवर नजर आया होगा, जिसे पकड़ने के लिए वह ऊपर चढ़ गया था। गनीमत रही कि अजगर ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।





