हरियाणा

Chandigarh: एक दिवसीय सत्र के लिए विधानसभा तैयार

Admindelhi1
27 April 2026 11:14 AM IST
Chandigarh: एक दिवसीय सत्र के लिए विधानसभा तैयार
x

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र सोमवार को आयोजित होने जा रहा है। विधानसभा सचिवालय की तरफ सत्र की अधिसूचना जारी करने के साथ ही सत्र का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। सबसे पहले सदन के नेता, विपक्ष के नेता तथा विधानसभा स्पीकर की तरफ से पिछले सत्र से लेकर अब तक के दिवंगतों को श्रद्धांजलि भेंट की जाएगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही संचालित होगी।

इससे पहले विधानसभा का बजट सत्र आयोजित किया गया था। बजट सत्र की कार्यवाही 20 फरवरी से 18 मार्च तक चली थी। हरियाणा सरकार की तरफ से सोमवार को पांच साल की सेवा पूरी कर चुके ग्रुप डी के कर्मचारियों को प्रमोशन देने के लिए विधेयक पेश किया जाएगा। सोमवार को सदन में ‘हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज़ रिक्रूटमेंट एंड कंडीशंस ऑफ़ सर्विस बिल, 2026’ पेश किया जाएगा। प्रस्तावित कानून का मकसद सरकारी कर्मचारियों, खासकर कॉमन कैडर सिस्टम के तहत 'ग्रुप डी' श्रेणी के कर्मचारियों के लिए करियर में आगे बढऩे के मौकों को काफ़ी बेहतर बनाना है।

इस ड्राफ्ट में योग्य 'ग्रुप डी' कर्मचारियों के लिए क्लेरिकल पदों पर प्रमोशन का कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। मसौदे के प्रावधानों में 5 प्रतिशत 'एक्स-ग्रेशिया' (अनुग्रह) पदों का भी प्रावधान है। कर्मचारियों के कल्याण के उपायों को और मज़बूत करने के लिए इन पदों को भर्ती नियमों में शामिल किया जाएगा।

सदन में इस विधेयक पर चर्चा के बाद ही अंतिम फैसला होगा। सरकार की तरफ से सदन में राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जा सकता है। इसके लिए पर्दे के पीछे से तैयारी चल रही है। हालही में लोकसभा में पेश किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के फेल होने के बाद भाजपा द्वारा देशभर में कांग्रेस के विरूद्ध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि विशेष सत्र के दौरान सरकार विपक्षी दल कांग्रेस के विरूद्ध निंदा प्रस्ताव लेकर आ सकती है। इसे लेकर अभी तक सरकार की तरफ से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। दूसरी तरफ कांग्रेस भी इस प्रस्ताव के विरोध में मजबूती के साथ अपनी बात रखने तथा सरकार पर पलटवार करने की तैयारी कर चुकी है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा कांग्रेस के अधिकतर विधायक रविवार को ही चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर भी रणनीति पर मंथन किया है।

Next Story