हरियाणा

Chandigarh: 50 लाख लोगों को 1890 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर

Admindelhi1
11 Sept 2026 11:23 AM IST
Chandigarh: 50 लाख लोगों को 1890 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर
x
50 लाख लाभार्थियों के खातों में सरकार ने भेजे 1890 करोड़

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न योजनाओं के तहत 50 लाख 28 हजार 208 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे एक हजार 890 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि जारी की। इनमें दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की किस्त, बुजुर्गों व दिव्यांगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जरूरतमंद परिवारों को दयालु योजना की आर्थिक सहायता, गृहिणियों को गैस सब्सिडी, किसानों को भावांतर भरपाई शामिल है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आज 'दीन दयाल लाडो लक्ष्मी' योजना की 11वीं किस्त जारी की गई है। इसके तहत 10 लाख 10 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये डाले गए हैं। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक 11 किस्तों में 2 हजार 254 करोड़ 47 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। आगामी 17 सितंबर से 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को भी इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विभिन्न 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 6 हजार 841 लाभार्थियों के खातों में 1 हजार 129 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।

इसके अलावा, दयालु योजना के तहत 4 हजार 520 परिवारों को 168 करोड़ 13 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इनमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं। आज जारी राशि को मिलाकर अब तक 89 हजार 56 परिवारों को 3 हजार 320 करोड़ 61 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हर घर-हर गृहिणी योजना' के तहत जुलाई माह में गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 5 लाख महिलाओं के खातों में आज 19 करोड़ 68 लाख रुपये की सब्सिडी भी ट्रांसफर की गई है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। आज जारी राशि को मिलाकर अब तक 14 लाख 65 हजार पात्र बहनों के बैंक खातों में कुल 359 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने आज भावांतर भरपाई योजना के तहत आलू, फूल गोभी और शहद के लिए 6 हजार 177 किसानों को 49 करोड़ 89 लाख रुपये की भावांतर राशि जारी की गई है। इसमें आलू के लिए 6 हजार 12 किसानों को 48 करोड़ 9 लाख रुपये, फूल गोभी के लिए 99 किसानों को 46 लाख 76 हजार रुपये तथा शहद के लिए 66 किसानों को 1 करोड़ 32 लाख 73 हजार रुपये की राशि शामिल है। आज जारी राशि को मिलाकर अब तक 45 हजार 764 किसानों को 246 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि भावांतर भरपाई के रूप में दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएसएमई एवं उद्योग निदेशालय की विभिन्न 7 योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को 311 करोड़ 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी जारी की गई है। उन्होंने कहा कि बजट अभिभाषण में इस बारे घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा कि इसी घोषणा को पूरा करते हुए आज विभिन्न स्कीमों के लाभार्थियों को 311.25 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि आज विभिन्न 26 योजनाओं के तहत कुल 50 लाख 28 हजार 208 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1 हजार 890 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि जारी की गई है।

Next Story