हरियाणा

बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सर्वाइकल कैंसर पर जागरूकता जरूरी

Admindelhi1
14 Oct 2026 10:25 AM IST
बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सर्वाइकल कैंसर पर जागरूकता जरूरी
x
बेटियों की सेहत और कैंसर से बचाव पर जागरूकता का संदेश

यमुनानगर: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और जागरूकता स्वस्थ समाज की बुनियाद हैं। समय पर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और एचपीवी टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत डीएवी गर्ल्स कॉलेज, यमुनानगर में आयोजित महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने छात्राओं से कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर परिवार की महिलाओं से खुलकर बातचीत करने की अपील की। डॉ. गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया पर अत्यधिक समय बिताने के बजाय पढ़ाई और शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने तंबाकू, गुटखा और धूम्रपान से दूर रहने तथा परिवार के सदस्यों को भी इनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने पात्र बालिकाओं से एचपीवी टीकाकरण अभियान का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।

दामला स्थित सेठ जयप्रकाश पॉलिटेक्निक में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आयुष पद्धति में योग, नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और व्यायाम के माध्यम से बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जांच और दवाइयों के साथ-साथ स्वस्थ जीवन शैली के बारे में भी जानकारी दी जानी चाहिए। शिविरों में योग, सैर, व्यायाम और मौसम के अनुसार खानपान संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाना चाहिए, ताकि बच्चे बचपन से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग बनें। दोनों कार्यक्रमों में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा एवं भाजपा के अनेक पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Next Story