हिसार-हांसी में बस संचालन प्रभावित, 20 लाख से ज्यादा का घाटा

हिसार: हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को दूसरे दिन भी जारी रही। आंदोलन के चलते हिसार डिपो और हांसी सब डिपो की करीब 250 बसों के पहिये थमे रहे। हालांकि दूसरे डिपो से आने वाली बसों और निजी बसों का संचालन जारी रहने से यात्रियों को कुछ राहत मिली। दो दिन की हड़ताल से हिसार और हांसी डिपो को करीब 20 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। कर्मचारियों के रुख को देखते हुए सोमवार को भी हड़ताल खत्म होने की संभावना कम है।
रात्रि भत्ता, मेडिकल भत्ता, एलटीसी और अन्य लंबित वित्तीय लाभों के भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारी सांझा संघर्ष समिति के नेतृत्व में धरने पर बैठे हैं। रविवार को महाप्रबंधक ने समिति के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया। बैठक में कर्मचारियों के लंबित वित्तीय देयकों के भुगतान का मुद्दा उठाया गया, लेकिन अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब और कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसके चलते बातचीत बेनतीजा रही और कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।
सिरसा में भी कर्मचारियों ने की हड़ताल
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि आंदोलन के समर्थन में रविवार को सिरसा डिपो में भी कर्मचारियों ने हड़ताल की। उनका कहना है कि यदि उच्चाधिकारी जल्द समाधान नहीं निकालते हैं तो आंदोलन फतेहाबाद समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी फैल सकता है। कर्मचारियों के अनुसार, वे कई वर्षों से अपने लंबित वित्तीय लाभों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
समिति के प्रेस प्रवक्ता संदीप जैनावास ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। धरने में वर्कशॉप, क्लर्क, स्वीपर, चालक और परिचालक वर्ग के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा।





