हरियाणा

निजी अस्पताल पर बरसी गोलियां, मरीज और डॉक्टर सुरक्षित

Shantanu Roy
8 July 2022 10:41 AM GMT
निजी अस्पताल पर बरसी गोलियां, मरीज और डॉक्टर सुरक्षित
x
बड़ी खबर

करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के असंध में शुक्रवार को मिनाक्षीफ अस्पताल पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। अस्पताल में मौजूद मरीज और डॉक्टर गोलियों से बाल बाल बच गए। वारदात के कुछ देर बाद दिलेर कोटिया नाम के युवक ने फेसबुक पर पोस्ट डाल कर कहा कि वारदात की जिम्मेदारी कौशल चौधरी ग्रुप लेता है। करीब 6 माह पहले डॉक्टर से 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। आज गोलीबारी के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस छानबीन जारी है।

शीशे पर फायरिंग
जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब डॉ. संदीप और मीनाक्षी सरकारी स्कूल के पास स्थित अपने निजी अस्पताल में पहुंचे। मरीज भी आने शुरू हो गए थे। इसी बीच साढ़े 10 बजे के करीब बुलेट बाइक पर सवार होकर 3 बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने आते ही अस्पताल पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। बदमाशों ने बाहर से अस्पताल के शीशे पर फायरिंग की। एक बदमाश ने अस्पताल में घुसकर दोनों डॉक्टरों के केबिन पर भी फायरिंग की।
डॉक्टरों पर सीधा वार नहीं
बदमाशों ने सीधे तौर पर डॉक्टर दंपती को निशाना नहीं बनाया। गोलियां चलने की आवाज से अस्पताल में दाखिल और ओपीडी के लिए आए मरीजों में दहशत फैल गई। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई तो आसपास के दुकानदार भी दहशत में आ गए। अस्पताल में 10 राउंड फायरिंग की गई है।
फेसबुक पर आखिरी चेतावनी
वारदात के करीब 2 घंटे बाद असंध के रहने वाले एक युवक दलेर कोटिया ने फेसबुक पर पोस्ट डाल कर कहा कि- वारदात की जिम्मेदारी कौशल चौधरी ग्रुप लेता है। उन्होंने पोस्ट में लिखा की इस काम में थोड़ा टाइम जरूर लग गया है पर अगली बार समय नहीं लगेगा और जान भी नहीं बचेगी। ये काम मैंने और मेरे शूटरों ने किया है। किसी को नाजायज तंग न किया जाए। उन्होंने आखिरी चेतावनी देते कहा कि उनकी सभी बिजनेसमैन और डॉक्टरों से आखिरी चेतावनी है, जो उनसे उलझेगा उसका दूसरा घर मौत होगा।
मौके पर पहुंचे एएसपी
असंध के निजी अस्पताल में फायरिंग की सूचना के बाद एएसपी गौरव राज पुरोहित मौके पहुंचे। उनके साथ SHO बलजीत सिंह, सीआईए स्टाफ सहित भारी संख्या में पुलिस बल रहा। वहीं शहर के चारों ओर नाकाबंदी भी कराई गई।एएसपी गौरव राज पुरोहित ने बताया कि पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होगें। करनाल के साथ अन्य जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।
डॉक्टरों से मांगी थी 20 लाख की रंगदारी
बताया गया है कि करीब 6 माह पहले डॉक्टर दंपती से 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। उस समय डॉक्टर ने थाना असंध पुलिस को सूचना देकर केस दर्ज करा दिया था। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था। अब एकाएक अस्पताल पर हुई फायरिंग से वहां हड़कंप मच गया। डॉक्टर भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। साथ ही पता चला है कि शहर में बड़े व्यापारी और डॉक्टरों से रंगदारी मांगी जा रहा है।
विदेश मे है कोटिया : एसपी
करनाल के एसपी गंगाराम पूनिया ने कहा कि वारदात को लेकर कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई हैं। तीन नकाबपोश बदमाश बुलेट बाइक पर सवार हैं। वहीं जिस युवक ने फेसबुक पर पोस्ट डाल कर वारदात की ज़िम्मेवारी ली है, उस फेसबुक आईडी की पुलिस जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस फेसबुक आईडी से यह पोस्ट डाली गई है। वह युवक दिलेर कोटिया अभी विदेश में है।
पहले भी डॉक्टर को धमकी देकर रंगदारी मांगी गई थी। जिसमें तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस समय दिलेर कोटिया को नाम भी नाम सामने आया था। पुलिस जल्द ही इस मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर ले गी। वहीं उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की है अगर किसी भी तरह की उन्हें धमकी दी जाती है या रंगदारी मांगी जाती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दे। किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है पुलिस आपके साथ है।
Next Story