हरियाणा
भाई और बहन का बस स्टैंड से अपहरण, अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज
Ritisha Jaiswal
14 Aug 2022 3:45 PM IST

x
हरियाणा के गुरुग्राम में एक भाई और उसकी बहन का बस स्टैंड से कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया.
हरियाणा के गुरुग्राम में एक भाई और उसकी बहन का बस स्टैंड से कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब वे कॉलेज जा रहे थे. पीड़ितों की मां की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, दोनों दोपहर में घर से निकले थे और शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके बेटे ने पिता को फोन किया और उन्हें बताया कि उसे कुछ लोगों ने पीटा और उसकी बहन का अपहरण कर लिया.
मां ने कहा, '' मेरा बेटा और बेटी अब भी लापता हैं और उनका फोन बंद है. हम बस स्टैंड पहुंचे और उन्हें आसपास तलाश किया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद हम पुलिस के पास आये.'' अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-14 थाने में धारा 365 (अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. जांच अधिकारी करतार सिंह ने कहा, ''हम भाई और बहन दोनों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उनके मिलने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी. मामले की जांच जारी है.''
उसकी 20 वर्षीय बेटी घर से लापता है
बता दें कि हरियाणा में इन दिनों अपहरण के मामले बढ़ गए हैं. बीते दिनों खबर सामने आई थी कि जींद जिले में अलग-अलग स्थानों से तीन युवतियों के संदिग्ध हालात में लापता होने पर संबंधित थाना पुलिस ने अपहरण तथा बंधक बनाने के मामले दर्ज किए हैं. गांव गुलकनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार रात से उसकी 20 वर्षीय बेटी घर से लापता है.
मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
उधर, गांव बिशनपुरा निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार दोपहर को उसकी 16 वर्षीय बेटी घर से गायब हो गई. महिला ने गांव बिरौली के एक युवक पर उसकी बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया है. हरी नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह उसकी 25 वर्षीय बेटी घर से गायब हो गई. आसपास पूछताछ करने पर भी युवती का कोई सुराग नहीं लगा. संबंधित थाना पुलिस ने अपहरण तथा बंधक बनाने के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Next Story





