हरियाणा
नहीं थम रहा रिश्वतखोरी का खेल, यमुनानगर में 5 हजार रूपए के साथ हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
Shantanu Roy
16 Dec 2022 6:55 PM GMT

x
बड़ी खबर
यमुनानगर। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेट विजिलेंस पंचकूला की टीम ने रादौर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल को 5 हजार रूपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी ने एक बुजुर्ग व्यक्ति के एक्सीडेंट के मामले में कार्रवाई करने की एवज में रिश्वत की डिमांड की थी। हेड कांस्टेबल बार-बार रूपयों की मांग कर रहा था। पीड़ित ने परेशान होकर इसकी शिकायत विजिलेंस दफ्तर पंचकूला में दी थी। जानकारी के अनुसार जुब्बल निवासी जय कुमार ने विजिलेंस को शिकायत देकर बताया कि बीती 4 नवंबर को उसके दादा एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। गंभीर हालत में उनका इलाज चला, लेकिन आईसीयू में रहने के बाद उनकी मौत हो गई। इस मामले को रादौर थाना में तैनात हेड कांस्टेबल अजय देख रहे थे। वे इस मामले का चालान देने में देरी कर रहे थे। कार्रवाई करने की एवज में हेड कांस्टेबल अजय ने रिश्वत की डिमांड की। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह आरोपी को पहले कुछ रूपए दे भी चुका था। अब उसने फिर से 5 हजार रूपयों की डिमांड की थी। जय कुमार ने विजिलेंस को इस मामले की शिकायत करने का फैसला लिया।
Next Story