हरियाणा

भाजपा नेता सुदेश कटारिया बने सीएम मनोहर लाल के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर

Shantanu Roy
10 Oct 2023 10:29 AM GMT
भाजपा नेता सुदेश कटारिया बने सीएम मनोहर लाल के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर
x
चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया की मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यालय में एंट्री हो गई है। मूल रूप से गुरुग्राम के रहने वाले सुदेश कटारिया को मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर का पद पिछले कुछ समय से खाली था। इस पद पर कार्यरत रमणीक मान के हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी में सक्रिय हो जाने के कारण तथा सुदेश कटारिया के अब तक के कार्यों व समर्पण को देखते हुए उन्हें चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। कटारिया पंचकूला के सेक्टर छह एमडीसी में रहते हैं।
सुदेश कटारिया ने पिछले काफी समय से मुख्यमंत्री मनोहर लाल का मीडिया का कामकाज अप्रत्यक्ष रूप से संभाला हुआ था। अब मुख्यमंत्री ने उन्हें विधिवत अपनी टीम में अधिकृत रूप से शामिल कर लिया है। मुख्यमंत्री के पांच मीडिया कोऑर्डिनेटर पहले से काम कर रहे हैं। इनमें जगमोहन आनंद, अशोक छाबड़ा, राजकुमार कपूर, रणदीप घनघस और मुकेश वशिष्ठ शामिल हैं। इन सभी के मुखिया के रूप में सुदेश कटारिया कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों भी मीडिया के पदों पर कुछ नियुक्तियां की थी। राजीव जेटली को मीडिया सलाहकार (दिल्ली), तरुण भंडारी को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में प्रचार सलाहकार तथा प्रवीण आत्रेय को मीडिया सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मीडिया सलाहकार के पद से अमित आर्य के इस्तीफा देने के बाद यह पद खाली चल रहा था। मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर के पद पर सुदेश कटारिया की नियुक्ति होने के बाद अब माना जा रहा है कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री कार्यालय में मीडिया को लेकर अब कोई नियुक्ति नहीं होगी तथा सुदेश कटारिया ही अप्रत्यक्ष रूप से मीडिया का पूरा कामकाज देखेंगे। सुदेश कटारिया ने अपनी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया है।
Next Story