हरियाणा

आदमपुर को उपमंडल बनाने की मांग, मुख्यमंत्री से मिले बिश्नोई

Admindelhi1
23 Nov 2026 5:36 PM IST
आदमपुर को उपमंडल बनाने की मांग, मुख्यमंत्री से मिले बिश्नोई
x
गेस्ट फैकल्टी को बड़ी राहत, सेवाएं जारी रखने के निर्देश

हिसार: हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर आदमपुर और नलवा विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं एवं लंबित विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक रणधीर पनिहार भी मौजूद रहे।

कुलदीप बिश्नोई ने मुख्यमंत्री के समक्ष आदमपुर को उपमंडल और बालसमंद को तहसील का दर्जा देने की मांग रखी। इसके अलावा बिजली व्यवस्था, खेतों के रास्तों, गांवों की फिरनियों, वाटरवर्क्स और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे मुद्दे उठाए।

उन्होंने क्षेत्र में पानी की कमी को देखते हुए कम से कम दो सप्ताह तक पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध कराने, नहरों और खालों की सफाई करवाने, बीड़ बबरान में जमीन के रजिस्ट्री रेट कम करने तथा रविदास नगर के निवासियों को मालिकाना हक देने का आग्रह किया।

बैठक में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पार्ट टाइम शिक्षकों और गेस्ट फैकल्टी की सेवाएं जारी रखने का मुद्दा भी उठाया गया। बिश्नोई के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखने के निर्देश दिए।

बिश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक को सकारात्मक बताते हुए क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।

Next Story