हरियाणा

Bhiwani: भिवानी में परिवहन व्यवस्था होगी मजबूत, यात्रियों को मिलेगा बेहतर इंतजाम

Admindelhi1
24 Feb 2026 11:40 AM IST
Bhiwani: भिवानी में परिवहन व्यवस्था होगी मजबूत, यात्रियों को मिलेगा बेहतर इंतजाम
x
"टेंडर जारी, काम जल्द शुरू"

भिवानी: अब जिले के पांच गांवों में बस क्यू शेल्टर बनेंगे, जिसके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को जगह चिह्नित किए जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला परिषद के तहत बनने वाले इन बस क्यू शेल्टरों पर नियमित रूप से रोडवेज एवं निजी बसों का ठहराव भी सुनिश्चित किया जाएगा। इतना ही नहीं प्रत्येक बस क्यू शेल्टर के निर्माण पर दो लाख 65 हजार का बजट खर्च आएगा।

पीडब्ल्यूडी विभाग से रोडवेज ने बस क्यू शेल्टर निर्माण का यूनिक डिजाइन भी स्वीकृत कराया है। जिसके हिसाब से अब आरसीसी पैटर्न पर नए बस क्यू शेल्टर बनेंगे। प्रथम चरण में चिह्नित दस गांवों में से सात गांवों में बस क्यू शेल्टर बनकर तैयार हो चुके हैं। जबकि पांच गांवों में बस क्यू शेल्टर निर्माण के जिला परिषद की तकनीकी विंग ने टेंडर कराए हैं।

जिला परिषद की तकनीकी विंग द्वारा जिले के गांव मिताथल, गारनपुरा, छपार जोगियान, मिरान, साहलेवाला गांवों में नए बस क्यू सेल्टर निर्माण कराए जाएंगे। इनके निर्माण को लेकर विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। जिला परिषद द्वारा प्रथम चरण में गांव हालुवास, धीराना माजरा, दुल्हेडी, ईशरवाल, दरियापुर सहित सात गांवों में बस क्यू शेल्टर बनकर तैयार हो चुके हैं। जबकि मिताथल, गारनपुरा, छपार जोगियान, मिरान, साहलेवाला गांव में बस क्यू शेल्टर निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की मदद से जगह को चिह्नित किया जा रहा है। जगह का चयन होने के मात्र डेढ़ माह के अंतराल में ही बस क्यू शेल्टर बनकर तैयार हो जाएंगे।

सैय व सिरसा घोघड़ा में बनकर तैयार हुए बस क्यू शेल्टर चांग। जिला परिषद के वार्ड नंबर तीन में करीब 15 लाख की लागत से तीन बस क्यू शेल्टरों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। जिला परिषद के वार्ड नंबर तीन में आने वाले गांव चांग, सैय व सिरसा घोघड़ा में बस क्यू शेल्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक क्यू शेल्टर पर पांच लाख का खर्च आया है। जिला परिषद वार्ड नंबर तीन की जिला पार्षद पूनम लवकेश तंवर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक बस क्यू शेल्टर पर लगभग पांच लाख रुपये की लागत आई है। इससे पहले शेल्टर न होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सड़क वाहनों का इंतजार करने में दिक्कतें आती थीं। अब वे आराम से बैठकर बस का इंतजार कर सकते हैं। जिला परिषद प्रतिनिधि लवकेश तंवर ने बताया कि गर्मी के मौसम में बस क्यू शेल्टर में ठंडे पानी के लिए मटके रखवाए जाएंगे।

बस क्यू शेल्टरों में लगाए प्रसिद्ध हस्तियों के चित्र चांग में बने क्यू शेल्टर पर इंटरनेशनल खिलाड़ी योगिता परमार, संत कबीर आश्रम के महाराज स्वामी रामानंद महाराज, शहीद मलखान सिंह परमार, जिला परिषद चेयरपर्सन अनिता मलिक, महता खिलाराम, स्वतंत्रता सेनानी रतिराम टांक, सरपंच चांग सुदेश कुमारी, शहीद सीएचएम छैलूराम, प्रसिद्ध उद्योगपति लाॅर्ड स्वराज पाॅल, जैलदार रणपत सिंह सहित गांव का नाम रोशन करने वाले व चर्चित लोगों के चित्र भी लगाए गए हैं।

जिला परिषद द्वारा प्रथम चरण में दस गांवों में बस क्यू शेल्टरों की मंजूरी मिली थी, जिसमें से सात गांवों में बस क्यू शेल्टर बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि तीन गांवों में अभी जगह को लेकर असमंजस बना है। जगह चयन होते ही इनमें भी बस क्यू शेल्टर बन जाएंगे। इसके अलावा पांच और नए गांवों में बस क्यू शेल्टर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही इन गांवों में भी ग्राम पंचायत के सहयोग से चिह्नित जगह पर काम शुरू करा दिया जाएगा।

Next Story