हरियाणा

Bhiwani: ट्रैक्टर नवीनीकरण पर बढ़ी फीस, किसानों में रोष

Admindelhi1
26 Nov 2025 4:17 PM IST
Bhiwani: ट्रैक्टर नवीनीकरण पर बढ़ी फीस, किसानों में रोष
x

भिवानी: भाजपा सरकार द्वारा किसानों के ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण शुल्क में 10 गुना बढ़ोतरी करने की आलोचना करते हुए युवा कांग्रेस नेत्री एडवोकेट मुकेश ढाणीमाहु ने इस कदम की को किसान विरोधी और अन्नदाताओं को लूटने वाला फैसला करार दिया है। उन्होंने कहा कि पहले जहां ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण के लिए किसानों को लगभग एक हजार 80 रूपये का शुल्क देना पड़ता था, वहीं अब यह राशि बढकऱ चौंकाने वाले 10 हजार 485 हो गई है।

शुल्क में यह अप्रत्याशित वृद्धि किसानों की आर्थिक कमर तोडऩे वाली मानी जा रही है। एडवोकेट मुकेश ढाणीमाहू ने कहा कि यह सरकार लगातार किसान हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन उनके फैसले किसानों को सीधे चोट पहुंचाते हैं। एक तरफ किसानों की आय दोगुनी करने की बात होती है, जबकि हकीकत यह है कि किसानों की आय 10 गुना नहीं बढ़ी है फिर ट्रैक्टर नवीनीकरण शुल्क में इतनी भारी वृद्धि का क्या औचित्य है। उन्होंने तर्क दिया कि कृषि पहले से ही अनिश्चितताओं और कम लाभ से जूझ रहा क्षेत्र है। ऐसे में ट्रैक्टर जो कि खेती का मुख्य उपकरण है, उसके नवीनीकरण शुल्क में इतना बड़ा इजाफा किसानों पर अनावश्यक और भारी आर्थिक बोझ डालेगा।

एडवोकेट ढाणीमाहू ने आरोप लगाया कि यह बढ़ोतरी सरकार की किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाती है और यह केवल राजस्व जुटाने का एक तरीका है, जिसका सीधा खामियाजा गरीब और छोटे किसानों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि किसानों के हित में ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण के लिए शुल्क को नाममात्र का रखा जाना चाहिए, ताकि देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले अन्नदाताओं को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो युवा कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर सडक़ पर उतरकर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी।

Next Story