हरियाणा

भव्य बिश्नोई ने आदमपुर की जनता से पारिवारिक जुड़ाव जताया

Admindelhi1
21 Oct 2026 7:49 AM IST
भव्य बिश्नोई ने आदमपुर की जनता से पारिवारिक जुड़ाव जताया
x
राजनीति नहीं, आदमपुर की जनता से रिश्तों को अहमियत : भव्य बिश्नोई

हिसार: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने मंगलवार को आदमपुर हलके के गांव सदलपुर में रास्तों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने हलके के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनके सुख-दुख में शामिल हुए। उन्होंने पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत कर लोगों का कुशलक्षेम जाना। साथ ही ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।

ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना प्राथमिकता

सदलपुर में निर्माण कार्यों का उद्घाटन करते हुए भव्य बिश्नोई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और रास्तों की व्यवस्था विकास की बुनियादी जरूरत है। इससे न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलती है। उन्होंने कहा कि आदमपुर हलके के गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ आमजन तक पहुंचे और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। भव्य बिश्नोई ने ग्रामीणों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर ध्यान देने तथा क्षेत्र के विकास में सहयोग देने का आह्वान किया।

जनता से पारिवारिक रिश्ता, जनसेवा सर्वोपरि

भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर हलके के लोगों के साथ उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि परिवार जैसा है। जनता के सुख-दुख में शामिल होना, उनकी समस्याओं को समझना और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आदमपुर की जनता ने हमेशा भजनलाल परिवार को स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया है। यह जुड़ाव पीढ़ियों से कायम है और इसकी सबसे बड़ी ताकत जनता के साथ सीधा संपर्क है। चौधरी भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई ने जनसेवा तथा हर वर्ग के कल्याण को सर्वोपरि रखा। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए जनता के बीच रहकर उसकी सेवा करना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि आदमपुर हलके की उन्नति, ग्रामीणों की खुशहाली और विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर काम किया जाएगा।

Next Story