हरियाणा

बहू को मारने का प्रयास, जांच में जुटी पुलिस

Shantanu Roy
9 July 2022 12:29 PM GMT
बहू को मारने का प्रयास, जांच में जुटी पुलिस
x
बड़ी खबर

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में ससुराल जनों ने विवाहिता से मारपीट कर उसे जान से मारने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि वह 3 बेटियों की मां है और पति व सास-ससुर को बेटा चाहिए। इस वजह से उसकी हत्या या फिर घर से निकालने के प्रयास हो रहे हैं। घायल महिला को अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जिसकी MLR में डॉक्टर ने 4 चोटें लगी बताई हैं। पुलिस ने महिला के पति और सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

तेजधार हथियार से वार
कुंडली थाना के अंतर्गत बारोटा पुलिस चौकी को दी शिकायत में छतहेरा निवासी सीमा ने बताया कि उसकी शादी सुमित के साथ हुई है। पति सुमित, ससुर धर्मपाल और सास ने उसके साथ मारपीट की। पति ने उसे जान से मारने की कोशिश में तेजधार हथियार से हमला किया। उसने बचने का प्रयास किया, लेकिन फिर भी तेजधार हथियार से उसके पांव में चोट आई।
इस दौरान सास व ससुर भी पति के साथ मिलकर मारने लगे। ससुर ने उसका गला पकड़ लिया और सास ने उसके हाथ पैर। उसने दोनों के कब्जे से खुद को छुड़ाने का प्रयास किया तो सास फिसल कर गिर गई। इसके बाद उस पर लाठी से प्रहार किया गया। वह बचने के लिए गली में भागी तो पति भी लाठी लेकर उसे मारने के लिए पीछे भागा।
बेटियों की पढ़ाई छुड़वाने का आरोप
सीमा का आरोप है कि क्योंकि उसके बेटा पैदा नहीं किया, इस वजह से तीनों उसे घर से निकालना चाहते हैं। उसके पास 3 बेटियां हैं। पति बेटियों की पढ़ाई भी बीच बीच में बंद कर देते हैं। बार बार उसे जान से मारने और तलाक की धमकी दी जा रही है। ससुराल वालों ने उसका और बेटियों का जीवन दूभर कर दिया है। उसे दिमागी तौर पर भी परेशान किया जा रहा है। कोई खर्चा भी नहीं देते।
पहले भी चल रहा केस
सीमा अपने पति और सास ससुर पर पहले भी प्रताड़ना ओर मारपीट का केस दर्ज करा चुकी है। उसका कहना है कि उसने पहले जो FIR दर्ज करवा रखी है, ससुराल जन उस केस को उठाने के लिए भी उस पर समझौता करने के लिए नाजायज तौर पर दबाव डाल रहे हैं। उसे घर से निकालने के प्रयास हो रहे हैं। आखिर वह तीन बेटियों को लेकर आखिर कहां जाए।
पति समेत 3 पर केस दर्ज
थाना कुंडली के ASI मनोज कुमार ने बताया कि सीमा को मारपीट से चोटे लगी हैं। डॉक्टर ने उसकी MLR में उसे 4 चोटें लगी बताई हैं। पुलिस ने पति सुमित, ससुर धर्मपाल और सास के खिलाफ धारा 323,506,34 IPCके तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की छानबीन जारी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Next Story