हरियाणा

गन्ने की पेमेंट के लिए हुई पंचायत से मिला आश्वासन

Suhani Malik
12 July 2022 9:33 AM GMT
गन्ने की पेमेंट के लिए हुई पंचायत से मिला आश्वासन
x

अम्बाला, नारायणगढ़ न्यूज़: सोमवार को संयुक्त किसान कमेटी व भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के बैनर तले गन्ना उत्पादक किसानों ने पंचायत का आयोजन किया। पंचायत में पहुंची एसडीएम ने किसानों से बातचीत की और जल्द पेमेंट का आश्वासन दिया। किसानों ने कहा कि चीनी मिल पर चल रहा धरना तब तक समाप्त नहीं होगा जब तक किसानों की सभी मांगें पूरी नहीं हो जाती। हालांकि, दो दिन पहले किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त विक्रम सिंह से मिला था। उपायुक्त ने किसानों को आश्वासन दिया था कि जल्द ही बिजली की पेमेंट खातों में डाल जाएगी। किसानों ने कहा कि शुगर मिल की पेमेंट के बारे में जल्द से जल्द किसानों की बात सरकार के नुमाइंदों के साथ करवाई जाए। गन्ने की बकाया पेमेंट किस प्रकार से किसानों के खातों में डाली जाएगी, उसके बारे में बताया जाए।

किसानों ने एसडीएम से कहा कि गन्ने की बकाया पेमेंट के चेक दिए जा रहे हैं, उनकी गारंटी प्रशासन लें। इमरजेंसी पेमेंट सिर्फ जरूरी कार्य वाले किसानों को की जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय के किसी उच्चाधिकारी से किसानों की बातचीत कराई जाए। इस पर एसडीएम ने कहा कि उन्होंने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड चेक किया है, जिससे पता चला है कि चेक द्वारा पेमेंट समय पर किसानों को की गई है। कभी भी चेक बाउंस नहीं हुआ है। भविष्य में भी चेक की पेमेंट समय पर ही होगी। इस दौरान संयुक्त किसान कमेटी प्रधान शिंगारा सिंह, गुरदेव सिंह, भाकियू (शहीद भगत सिंह) यूनियन के प्रधान विक्रम राणा, धनराज सिंह फौजी, विकी राणा पतरेहड़ी, प्रदीप सिंह जटवाड़ मौजूद रहे।

Next Story