हरियाणा

नरमे की फसल के खराबे का जायजा

Shantanu Roy
4 Oct 2023 11:38 AM GMT
नरमे की फसल के खराबे का जायजा
x
चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि किसानों की खुशहाली में ही प्रदेश और राष्ट्र की खुशहाली निहित है और खेती व किसान पर हरियाणा सरकार की नीतियां केंद्रित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार सिरसा जिला के गांवों में नरमा की फसल में हुए नुकसान का सर्वे करवा कर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाएगा। ऊर्जा मंत्री आज जिला सिरसा के रानियां हलके के गांवों का दौरा कर सफेद मक्खी व गुलाबी सुंडी के कारण खराब हुई नरमा की फसल का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने गांव पंजुआना, शेखुपुरिया, फतेहपुरिया, जोधपुरिया, खारियां आदि गांवों के खेतों में पहुंच कर नरमे की फसल में हुए नुकसान का जायजा लिया और कहा कि नुकसान का आंकलन करके उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान का ब्यौरा अपलोड करने के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खोल दिया गया है।
किसान अपनी फसल नुकसान का ब्यौरा जल्द से जल्द पोर्टल पर दर्ज करवाएं ताकि उनके नुकसान की भरपाई की जा सके। वर्तमान राज्य सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है और हमने पहले भी किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान का मुआवजा देकर उनको आर्थिक सहयोग देने का काम किया है। चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार ने कृषि विकास को बढ़ावा देने और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उर्वरक, बीज और कृषि उपकरणों पर सब्सिडी प्रदान करने के साथ-साथ सरकार ने मिट्टी के स्वास्थ्य को बढ़ाने और टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। सरकार फसलों के तैयार होने से लेकर बाजार में उसकी बिक्री तक किसानों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवा रही है। ऊर्जा मंत्री अपने दौरे के दौरान गांव ढाणी ख्योवाली व खारियां में ग्रामीणों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं भी सुनी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण करें। नागरिकों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आनी चाहिए।
Next Story