हरियाणा

हरियाणा पहुंचे असम निगम के अधिकारी, ऋण योजनाओं पर हुआ मंथन

Admindelhi1
18 Nov 2026 10:22 AM IST
हरियाणा पहुंचे असम निगम के अधिकारी, ऋण योजनाओं पर हुआ मंथन
x
स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की तैयारी, हरियाणा-असम ने साझा किए अनुभव

चंडीगढ़: अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक और सामाजिक उत्थान को लेकर मंगलवार को हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान असम राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के उपाध्यक्ष सिमंता दास और निदेशक मंडल के सदस्यों ने हरियाणा निगम का दौरा किया।

बैठक में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा, प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना दिसोदिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों के लिए संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।

इस दौरान स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और नए व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने ऋण वितरण प्रक्रिया को बेहतर बनाने, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ऋण की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने के लिए अपने अनुभव साझा किए।

दोनों निगमों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे की कार्यप्रणाली और सफल प्रयासों से सीख लेकर आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

Next Story