जींद में आर्य महासम्मेलन, शास्त्रार्थ के लिए बुलाए गए रामपाल नहीं पहुंचे, खाली रही कुर्सी

जींद: पिल्लूखेड़ा खंड के गांव कालवा स्थित गुरुकुल में रविवार को आर्य महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें आर्य समाज से जुड़े संतों, आचार्यों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल दास को भी शास्त्रार्थ के लिए आमंत्रित किया गया था। आयोजकों ने मंच पर उनके लिए अलग से कुर्सी भी लगाई थी, लेकिन वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। उनकी कुर्सी खाली ही रही।
सम्मेलन के दौरान रामपाल दास की जमानत रद्द करवाने समेत सात प्रस्ताव पारित किए गए। इसके बाद आर्य समाज के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रामपाल दास के अनुयायियों पर महापुरुषों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, भ्रामक साहित्य वितरित करने और राजमार्गों पर अवैध होर्डिंग लगाने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
पाखंड के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान
आर्य महासम्मेलन की अध्यक्षता आचार्य राजेंद्र ने की। कार्यक्रम का संचालन आचार्य राजेंद्र और स्वामी गणेशानंद ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी वेदरक्षानंद, स्वामी सच्चिदानंद, स्वामी आदित्यवेश और स्वामी भलेगिरी ने कहा कि आर्य समाज पाखंड के खिलाफ मजबूती से संघर्ष कर रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि सत्यार्थ प्रकाश को पढ़कर हजारों लोगों ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने रामपाल दास पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शास्त्रों का ज्ञान नहीं है। आचार्य राजेंद्र और आचार्य सोमदेव ने कहा कि वेदों की वैज्ञानिक विवेचना का कार्य आर्य समाज ने किया है।
महापुरुषों के विचारों का दिया हवाला
वक्ताओं ने महर्षि दयानंद सरस्वती के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से लाखों लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने हमेशा सामाजिक सुधार, शिक्षा और वैचारिक जागरूकता को प्राथमिकता दी है।
स्वामी आदित्यवेश ने रामपाल दास पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देशद्रोह और हत्या के मामलों के आरोपी का जमानत पर बाहर आकर समाज में भ्रम फैलाना गंभीर विषय है। उन्होंने सरकार से इस मामले का संज्ञान लेने और न्यायालय के माध्यम से जमानत निरस्त करवाने की मांग की।
आचार्य सोमदेव ने कहा कि संत का व्यक्तित्व पवित्र विचारों वाला होना चाहिए, न कि कलुषित मानसिकता वाला। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग संत का नाम लगाकर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बेनकाब करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
महिला शिक्षा और सामाजिक सुधार पर भी चर्चा
सम्मेलन में सामाजिक सुधार और शिक्षा के विषय पर भी विचार रखे गए। आचार्य योगेश ने कहा कि ऋषि दयानंद ने महिलाओं की शिक्षा की वकालत करते हुए समाज में जागरूकता लाने का प्रयास किया था।
वहीं, हैरी लाठर ने सामाजिक सुधार के कार्यक्रमों में अपनी टीम की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पाखंड के विरुद्ध चलाए जा रहे आंदोलन में उनकी टीम आर्य समाज के साथ खड़ी है।
सम्मेलन के अंत में रामपाल दास के खिलाफ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसमें अनुयायियों द्वारा कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों, भ्रामक साहित्य के वितरण और अवैध होर्डिंग के मामलों में कार्रवाई की मांग की गई। कार्यक्रम में पारित सात प्रस्तावों के जरिए भी इन मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया।





