हिसार में दुकानदार के साथ मारपीट से रोष, व्यापारी पहुंचे थाना

हिसार: नारनौंद में गुरुवार को पुराने बस स्टैंड पर थाने के सामने दिनदहाड़े दुकानदार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। व्यापार मंडल के प्रधान प्रदीप ढांडा के नेतृत्व में व्यापारी थाना परिसर पहुंचे और पुलिस से सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
व्यापारियों के अनुसार, सुबह कुछ युवक पुराने बस स्टैंड पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। युवक मदद के लिए शोर मचा रहा था। मौके पर मौजूद दुकानदार राकेश कुमार समेत कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने राकेश के साथ भी बदसलूकी की और वहां से चले गए।
व्यापारियों का कहना है कि कुछ समय बाद वही युवक दोबारा राकेश की दुकान पर पहुंचे। इस बार उनके हाथों में लाठी-डंडे थे। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जबकि अन्य आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना के विरोध में व्यापार मंडल प्रधान प्रदीप ढांडा के साथ राकेश कुमार, सोनू, जोगिंदर, संजय, प्रवीण, कश्मीर, सन्नी, हरीश कुमार, गोपाल और अमित सहित अन्य व्यापारी थाना परिसर पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह से मुलाकात कर घटना पर नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने कहा कि थाने के ठीक सामने दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से फरार आरोपितों को जल्द पकड़ने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारी बाजार बंद करने का फैसला ले सकते हैं।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना सुबह हुई थी और व्यापारी दोपहर में शिकायत लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।





