गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, मरीजों को मिलेगी सस्ती दवा

गुरुग्राम: सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को अमृत फार्मेसी की शुरुआत की गई। लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक मुकेश शर्मा ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे मरीजों के लिए राहतकारी कदम बताया। कार्यक्रम में मेयर राजरानी मल्होत्रा और हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के चेयरमैन रामअवतार गर्ग भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के संबोधन को भी लाइव सुना गया। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम से हरियाणा के 16 जिला नागरिक अस्पतालों में स्थापित अमृत फार्मेसियों का उद्घाटन किया।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि अमृत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होंगी। सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों को कई बार दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ती हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। इस सुविधा से मरीजों को राहत मिलेगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अपील की कि फार्मेसी का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाया जाए। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने भी इसे स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में एडीसी सोनू भट्ट, सीएमओ डॉ. वीरेंद्र बसवाना, पीएमओ डॉ. नीना गठवाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुज गर्ग सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





