हरियाणा

जन-गण-मन के साथ अब 'जय जय जय हरियाणा'

Saba Naaz
23 July 2026 6:51 PM IST
जन-गण-मन के साथ अब जय जय जय हरियाणा
x

चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ प्रदेश का राज्य गीत ‘जय जय जय हरियाणा’ भी सुनाई देगा। प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों में हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत, गौरव और राज्य के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से स्कूलों में राज्य गीत के गायन का निर्णय लिया है। अब सभी राजकीय विद्यालयों की प्रार्थना सभा में सप्ताह में एक दिन अनिवार्य रूप से राज्य गीत का गायन कराया जाएगा।

माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक सरकारी स्कूल में सुबह की प्रार्थना सभा के बाद सप्ताह में एक दिन राज्य गीत का गायन सुनिश्चित किया जाएगा। स्कूल प्राचार्य और मुख्याध्यापक विद्यार्थियों को राज्य गीत की प्रतियां उपलब्ध कराएंगे और इसके सही उच्चारण एवं लय के साथ गायन का अभ्यास भी करवाएंगे।

विद्यार्थियों में बढ़ेगा राज्य गौरव

शिक्षा विभाग का मानना है कि स्कूल स्तर से ही बच्चों को अपनी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। राज्य गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को हरियाणा की ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान के बारे में जानकारी मिलेगी। इससे बच्चों में अपने प्रदेश के प्रति गर्व और सम्मान की भावना मजबूत होगी।

स्कूलों में जिस सदन की जिम्मेदारी प्रार्थना सभा संचालन की होगी, वह राज्य गीत के नियमित और शुद्ध गायन का अभ्यास करवाएगा। विद्यालय प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि राज्य गीत प्रार्थना सभा का नियमित और गरिमापूर्ण हिस्सा बने।

28 मार्च 2025 को मिला था आधिकारिक दर्जा

हरियाणा के राज्य गीत ‘जय जय जय हरियाणा’ को 28 मार्च 2025 को हरियाणा विधानसभा ने सर्वसम्मति से आधिकारिक राज्य गीत के रूप में स्वीकार किया था। यह गीत डॉ. बालकिशन शर्मा ने लिखा है। कुल 21 पंक्तियों वाले इस गीत में हरियाणा की संस्कृति, इतिहास, भौगोलिक विशेषताओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है।

गीत में हरियाणा की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाते हुए गीता, महाभारत, शिवालिक पर्वत, अरावली पर्वतमाला और यमुना नदी का वर्णन किया गया है। इसके अलावा प्रदेश की कृषि परंपरा, भाईचारा, त्योहारों, शिक्षा, व्यापार और खेल क्षेत्र में उपलब्धियों को भी शामिल किया गया है।

गीत में झलकती है हरियाणा की पहचान

‘जय जय जय हरियाणा’ गीत में प्रदेश की ग्रामीण संस्कृति और जीवन शैली को भी प्रमुखता दी गई है। इसमें दूध-दही की परंपरा, किसानों की मेहनत, खेल प्रतिभाओं की सफलता और सीमाओं पर तैनात हरियाणा के वीर जवानों का गौरवगान किया गया है।

गीत में होली, दिवाली, ईद और गुरुपर्व जैसे त्योहारों के माध्यम से प्रदेश की सामाजिक एकता और भाईचारे को भी दर्शाया गया है। साथ ही हरियाणा की अतिथि सत्कार की परंपरा ‘अतिथि देवो भव:’ का भी उल्लेख किया गया है।

स्कूलों में भेजे जाएंगे गीत के बोल और ऑडियो

शिक्षा विभाग की ओर से सभी विद्यालयों को राज्य गीत के बोल और एमपी3 ऑडियो उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थी सही धुन और उच्चारण के साथ गीत सीख सकेंगे। स्कूलों में पहले से होने वाली प्रार्थना, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ अब राज्य गीत का भी अभ्यास कराया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य है कि नई पीढ़ी हरियाणा के इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों से परिचित हो सके। अधिकारियों का कहना है कि राज्य गीत केवल एक गीत नहीं बल्कि प्रदेश की पहचान, परंपराओं और गौरव को व्यक्त करने का माध्यम है।

हरियाणा सरकार की इस पहल से स्कूलों में विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में ‘जय जय जय हरियाणा’ राज्य की नई पीढ़ी के बीच प्रदेश की पहचान और गौरव के प्रतीक के रूप में स्थापित होने की उम्मीद है।

Next Story