हरियाणा

जींद में गैस कालाबाजारी का आरोप, टैंकर में आग लगने पर बड़ा एक्शन

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:27 AM IST
जींद में गैस कालाबाजारी का आरोप, टैंकर में आग लगने पर बड़ा एक्शन
x
सात टन LPG लेकर निकला टैंकर बना आग का गोला, जांच में खुला मामला

जींद: हरियाणा के जींद जिले में एलपीजी गैस से भरे कैप्सूल टैंकर में आग लगने के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। एचपीसीएल के अधिकारियों ने टैंकर से गैस चोरी कर उसकी कालाबाजारी करने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने टैंकर के ट्रांसपोर्टर समेत दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

घटना 20 नवंबर की है। एचपीसीएल के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक रोहित ब्रह्मदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एचपी गैस प्लांट से एक कैप्सूल टैंकर सात टन एलपीजी लेकर बठिंडा के लिए रवाना हुआ था।

शिकायत के अनुसार, चालक ने टैंकर को गांव बिशनपुरा के पास एक ढाबे से कुछ दूरी पर खड़ा कर दिया। आरोप है कि वहां टैंकर से एलपीजी निकालकर अवैध रूप से बेचने की कोशिश की गई। इसी दौरान टैंकर में आग लग गई।

एलपीजी से भरे टैंकर में आग लगने से आसपास के लोगों और आग बुझाने में जुटे कर्मचारियों की जान खतरे में पड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकल कर्मियों ने लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वारदात के बाद टैंकर का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए थे।

रविवार को सदर थाना के जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि एचपीसीएल के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक की शिकायत पर ट्रांसपोर्टर चंद्रप्रकाश अरोड़ा और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, धोखाधड़ी और लोगों की जान जोखिम में डालने से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गैस निकालने की कथित कोशिश में किन लोगों की भूमिका थी।

Next Story