हरियाणा

ऑफिस में घुसकर शराब ठेकेदार पर चलाई गोली, इंस्टाग्राम पर हुई थी कहासुनी

Deepa Sahu
1 Feb 2022 5:52 PM IST
ऑफिस में घुसकर शराब ठेकेदार पर चलाई गोली, इंस्टाग्राम पर हुई थी कहासुनी
x
हरियाणा के भिवानी जिले के गांव मिताथल-धनाना मार्ग स्थित ऑफिस में घुसकर तीन बदमाशों ने शराब ठेकेदार पर गोली चला दी।

हरियाणा के भिवानी जिले के गांव मिताथल-धनाना मार्ग स्थित ऑफिस में घुसकर तीन बदमाशों ने शराब ठेकेदार पर गोली चला दी। जिस समय गोली चली, उस समय कार्यालय में शराब ठेकेदार के साथ दो और साथी मौजूद थे। आरोपी स्वीफ्ट गाड़ी में सवार होकर आए थे। आरोपियों ने शराब ठेकेदार के सिर में भी पिस्टल बट से हमला किया। गंभीर रूप से घायल शराब ठेकेदार को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया वहीं वारदात की जानकारी सदर पुलिस को दी। पुलिस ने गांव में पहुंचकर हालातों का जायजा लिया। वहीं घायल के बयान दर्ज कर इस संबंध में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।

गांव मिताथल निवासी शराब ठेकेदार मोनू ने बताया कि गांव में ही उनके शराब ठेके हैं। उसके साथ गांव का ही 24 वर्षीय सुमित भी शराब ठेके में हिस्सेदार है। मंगलवार सुबह करीब पौने 12 बजे उनके मिताथल-धनाना मार्ग स्थित ऑफिस में अमित, राहुल और सुमित बैठे हुए थे कि इसी दौरान स्वीफ्ट गाड़ी में सवार होकर तीन हथियारबंद युवक वहां पहुंचे।
आरोपियों ने सुमित पर गोली चला दी। आरोपियों ने तीन फायर किए। जिसमें एक फायर बाएं पैर पर घुटने से ऊपर गोली छूते हुए निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने सुमित को पकड़कर ऑफिस से बाहर घसीटा और फिर उसके सिर में पिस्टल बट से हमला कर दिया। कार्यालय में मौजूद साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपी हथियार लहराते हुए गाड़ी में सवार होकर भाग गए।
शराब ठेकेदार ने बताया कि तीनों आरोपी गांव के ही हैं। जिनमें नन्दा उर्फ वीरेंद्र, पवन उर्फ मोंटी, सतीश जेलर के नाम शामिल हैं। इन तीनों ने करीब चार माह पहले भी उनके शराब ठेके पर झगड़ा किया था। वहीं गोली लगने से घायल शराब ठेकेदार सुमित ने बताया कि दो दिन पहले उसके इंस्टाग्राम पर किसी ने मैसेज भेजा था। उसने पूछा कि ये मैसेज किसने भेजा है तो जवाब में लिखा था कि ये मैसेज तेरे जीजा ने भेजा है।
इसी बात को लेकर फोन पर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद आरोपियों ने उसके शराब ठेके के ऑफिस में घुसकर उस पर गोली चलाकर जानलेवा हमला कर दिया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुमित की हालत खतरे से बाहर बताई है वहीं मामले की सूचना भी सदर पुलिस को दी है। गांव मिताथल में शराब ठेके के ऑफिस में गोली चलने की सूचना मिली थी। जिसके बाद मेरी टीम मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया है। फिलहाल पुलिस ने घायल युवक के बयान दर्ज कर इस संबंध में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है, जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। –भूषण, इंचार्ज गुजरानी पुलिस चौकी (सदर पुलिस थाना भिवानी।)


Next Story