हिसार विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याओं पर ABVP सख्त, जल्द समाधान की मांग

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों और पीएचडी शोधार्थियों की लंबित मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने एक बार फिर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई है। मंगलवार को अभाविप की विश्वविद्यालय इकाई ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रों और शोधार्थियों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। इस दौरान रिसर्च फेलोशिप, परिवहन सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और शोधार्थियों के रेजिडेंशियल पीरियड जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
जानकारी के अनुसार, अभाविप का प्रतिनिधिमंडल विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचा था। हालांकि, कुलपति के विश्वविद्यालय में उपस्थित नहीं होने के कारण प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव, डीन एकेडमिक अफेयर्स, मुख्य सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ), प्रॉक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्यार्थियों और शोधार्थियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों पर जल्द निर्णय लेकर संबंधित आदेश जारी किए जाने चाहिए, ताकि छात्रों को राहत मिल सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को सात अक्टूबर को सौंपे गए पूर्व ज्ञापन पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने नई मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, पीएचडी शोधार्थियों की यूनिवर्सिटी रिसर्च फेलोशिप (यूआरएफ) से संबंधित सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस सूची को जल्द जारी करने की बात कही गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड से विश्वविद्यालय तक एसी बस सेवा और विश्वविद्यालय परिसर में ई-रिक्शा सुविधा दोबारा शुरू कराने का भी आश्वासन दिया गया।





