हरियाणा

नारनौल में हथियार रखने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Admindelhi1
13 Oct 2026 4:58 PM IST
नारनौल में हथियार रखने के आरोप में युवक गिरफ्तार
x
पिस्टल और कारतूस के साथ युवक पकड़ा, पुलिस की कार्रवाई

नारनाैल: सीआईए पुलिस टीम ने गांव धनौंदा में कार्रवाई करते हुए एक युवक को काबू किया है। पुलिस ने उसके घर से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक अतिरिक्त मैगजीन बरामद की है। आरोपी की पहचान गांव धनौंदा निवासी कृष्ण के रूप में हुई है। पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी डॉ. कविता ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को नारनौल सीआईए टीम को गांव धनौंदा में एक युवक के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और युवक को काबू कर लिया।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम कृष्ण निवासी धनौंदा बताया। इसके बाद उसने अपने मकान में रखे बेड से एक देसी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम को सौंप दी। पुलिस ने हथियार की जांच की तो उसमें एक मैगजीन लगी हुई मिली। इसके अलावा एक अतिरिक्त मैगजीन भी बरामद हुई।

पिस्टल को खोलकर जांच करने पर उसकी मैगजीन में दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने युवक से बरामद हथियार और कारतूस रखने के संबंध में लाइसेंस या अन्य वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।

इसके बाद पुलिस टीम ने देसी पिस्टल, दोनों जिंदा कारतूस और अतिरिक्त मैगजीन को कब्जे में ले लिया। मामले में थाना शहर कनीना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास हथियार कहां से आया था और वह इसे किस उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था। मामले में आगामी जांच जारी है।

Next Story