हरियाणा

फरीदाबाद में करवा चौथ पर युवक ने तेजाब पीकर जान देने की कोशिश की

Admindelhi1
30 Oct 2026 4:24 PM IST
फरीदाबाद में करवा चौथ पर युवक ने तेजाब पीकर जान देने की कोशिश की
x
करवा चौथ पर फरीदाबाद में सनसनी, तेजाब पीने से युवक गंभीर

फरीदाबाद: फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में घरेलू कलह से परेशान एक व्यक्ति ने करवा चौथ के दिन घर में रखा तेजाब पी लिया। हालत बिगडऩे पर परिजन उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। व्यक्ति पिछले पांच दिनों से घर से लापता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। नेहरू कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय अमरजीत राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी सुमन (30) एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। परिजनों के मुताबिक, अमरजीत पिछले पांच दिनों से घर से गायब था। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव को लेकर भी परिवार के लोग परेशान थे। परिजनों के अनुसार, अमरजीत गुरुवार सुबह घर लौटा था। उसे देखकर परिवार के लोगों को लगा कि अब स्थिति सामान्य हो जाएगी। हालांकि, पति-पत्नी के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ था। इसी दौरान अमरजीत ने घर में रखा तेजाब पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगडऩे लगी तो परिजनों को घटना का पता चला। वे उसे तुरंत बीके अस्पताल लेकर पहुंचे।

गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। परिवार के मुताबिक, अमरजीत की शादी करीब 12 साल पहले अमृतसर निवासी सुमन से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से अमरजीत पांच दिन पहले घर छोडक़र चला गया था। डबुआ थाना पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।

Next Story